-युवा संवाद और डॉ: श्यामा प्रसाद की जयंती कार्यक्रम में होंगे शामिल
जम्मू । भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन सोमवार से जम्मू-कश्मीर के दो दिवसीय दौरे पर हैं। केंद्र शासित प्रदेश में पार्टी के नेटवर्क को मजबूत करने और आगामी रणनीतियों को धार देने के उद्देश्य से इस दौरे को बेहद अहम माना जा रहा है। अपने इस प्रवास में बीजेपी अध्यक्ष वरिष्ठ नेताओं, नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों और जमीनी स्तर के पदाधिकारियों के साथ कई अहम बैठकें करेंगे। इसके साथ ही वह जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के कार्यक्रमों में भी शिरकत करेंगे।
बीजेपी के मुताबिक राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन छह जुलाई से जम्मू-कश्मीर के दो दिवसीय संगठनात्मक दौरे पर रहेंगे। इस ‘‘महत्वपूर्ण दौरे’’ के दौरान बीजेपी अध्यक्ष पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ विभिन्न ‘‘अहम’’ संगठनात्मक बैठकें करेंगे, ताकि ‘‘पूरे क्षेत्र में पार्टी की जमीनी पकड़ मजबूत की जा सके’’। पार्टी ने कहा कि यह दौरा संगठनात्मक दृष्टि से बेहद अहम है। नबीन क्षेत्रीय रणनीतियों की समीक्षा के साथ-साथ डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित समारोह में भाग लेंगे और जम्मू-कश्मीर के युवाओं के साथ ‘युवा संवाद’ सत्र का नेतृत्व करेंगे।
पार्टी के प्रदेश कार्यालय में बीजेपी के प्रदेश पदाधिकारियों, मोर्चा अध्यक्षों, जिला अध्यक्षों और जिला महासचिवों की दोपहर में बैठक लेंगे। पार्टी ने कहा कि वह संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करेंगे और जरूरी मार्गदर्शन प्रदान करेंगे। शाम को नबीन बीजेपी की जम्मू-कश्मीर इकाई के कोर समूह के साथ एक ‘‘उच्चस्तरीय बैठक’’ करेंगे। बीजेपी के मुताबिक मंगलवार को नितिन नबीन जम्मू के कैनाल रोड स्थित एक सम्मेलन केंद्र में विभिन्न ‘‘महत्वपूर्ण रणनीतिक बैठकों’’ की अध्यक्षता करेंगे।
पार्टी ने कहा कि इसके बाद वह प्रदेश में बीजेपी सांसदों, विधायकों और महासचिवों के साथ एक बैठक करेंगे। दोपहर में पूर्व विधायकों, पूर्व विधान परिषद सदस्यों, पूर्व जिला विकास परिषद (डीडीसी) सदस्यों और पूर्व ब्लॉक विकास परिषद अध्यक्षों के साथ एक विशेष बैठक करेंगे। बीजेपी ने बताया कि इसके बाद बीजेपी अध्यक्ष सम्मेलन केंद्र में ‘‘युवा संवाद’’ कार्यक्रम को संबोधित करेंगे और ‘‘क्षेत्र के युवा नेतृत्व एवं युवा कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद करेंगे। पार्टी ने कहा कि शाम को वह जम्मू के केशव भवन में संगठनात्मक बैठक की अध्यक्षता भी करेंगे।

