लैंडमार्क होम्स के संचालकों पर पांच लोगों से ठगी का आरोप, तीन दिन की पुलिस रिमांड पर
भोपाल । निर्माणाधीन फ्लैट बेचने और तय समय पर कब्जा देने का झांसा देकर लोगों से लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में अयोध्यानगर पुलिस ने फरार बिल्डर दंपती को गिरफ्तार किया है। आरोपी संदीप रमतानी और उसकी पत्नी संगीता रमतानी प्रसिद्ध फर्म मेसर्स लैंडमार्क होम्स के संचालक हैं। दोनों के खिलाफ भोपाल के विभिन्न थानों में धोखाधड़ी के मामले, शिकायतें और स्थायी वारंट लंबित हैं। पंजाब के रोपड़ में भी संदीप के खिलाफ स्थायी वारंट जारी है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने वर्ष 2017 में अर्चना परिसर, अयोध्यानगर में चार निर्माणाधीन फ्लैट बुक कराकर फरियादी से 60 लाख रुपये लिए, लेकिन न फ्लैट पूरे किए और न ही रजिस्ट्री कर कब्जा दिया। आरोप है कि इन फ्लैटों पर 60 लाख रुपये का ऋण भी ले लिया गया। इसी तरह वर्ष 2020 में सुरभि मेजेस्टिक नामक निर्माणाधीन बहुमंजिला इमारत में तीन लोगों से फ्लैट की रजिस्ट्री कराकर पूरी रकम ले ली गई, लेकिन निर्माण अधूरा छोड़ दिया गया। बाद में बैंक ऋण नहीं चुकाने पर इमारत कुर्क हो गई। एक अन्य महिला से भी फ्लैट के लिए 14.50 लाख रुपये लेने के बावजूद कब्जा नहीं दिया गया।
इन मामलों में पांच फरियादियों की शिकायत पर अयोध्यानगर थाने में धोखाधड़ी के तीन प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस ने दंपती को बैरागढ़ और शाहपुरा क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। दोनों को तीन दिन की पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।

