ट्रंप-पुतिन बातचीत के बाद भी नहीं थमा युद्ध

अंतरराष्ट्रीय

कीव पर रूस ने किया बड़ा हमला, 8 घायल
कीव । रूस और यूक्रेन के बीच पिछले चार वर्षों से जारी युद्ध एक बार फिर तेज हो गया है। सोमवार तड़के रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव और आसपास के क्षेत्रों पर बैलिस्टिक मिसाइलों से बड़ा हमला किया। इस हमले में कम से कम आठ लोग घायल हो गए और कई जगह भीषण आग लग गई। हमले के दौरान शहर में लगातार धमाकों की आवाजें सुनाई दीं और लोगों को सुरक्षित स्थानों की ओर भागना पड़ा। यह हमला उस समय हुआ जब कुछ ही घंटे पहले रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच लगभग 90 मिनट तक फोन पर बातचीत हुई थी। दोनों नेताओं ने यूक्रेन युद्ध को खत्म करने और संभावित शांति विकल्पों पर चर्चा की थी। बातचीत में ट्रंप ने युद्ध रोकने की इच्छा जताई, जबकि पुतिन ने इसे राजनीतिक और कूटनीतिक तरीके से हल करने की बात कही। इसके तुरंत बाद रूस की ओर से कीव पर यह बड़ा हमला हुआ, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई।
कीव प्रशासन के अनुसार रूस ने बैलिस्टिक मिसाइलों की कई लहरों से हमला किया। शहर में 10 से अधिक धमाकों की पुष्टि हुई और कई इमारतों में आग लग गई। वायु रक्षा प्रणाली को सक्रिय कर लोगों को घरों में रहने और सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई। इसी बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने कहा कि उनकी भी ट्रंप से बातचीत हुई है, जिसे उन्होंने सकारात्मक बताया। जेलेंस्की ने दावा किया कि युद्ध को समाप्त करने की संभावना बन रही है और इसमें अमेरिका की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होगी। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि रूस लगातार हमले बढ़ा रहा है और युद्ध को लंबा खींचना चाहता है। रूस और यूक्रेन दोनों ने हाल के दिनों में एक-दूसरे पर ड्रोन और लंबी दूरी के हमलों को तेज कर दिया है। यूक्रेन रूस के ऊर्जा ठिकानों को निशाना बना रहा है, जबकि रूस यूक्रेन के शहरों और सैन्य ठिकानों पर मिसाइल और ड्रोन हमले कर रहा है। इस बीच तुर्की में होने वाले नाटो शिखर सम्मेलन से पहले क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है। माना जा रहा है कि सम्मेलन में यूक्रेन युद्ध और सुरक्षा रणनीतियों पर अहम चर्चा होगी। मौजूदा हालात बताते हैं कि शांति की कोशिशों के बावजूद युद्ध के और लंबा खिंचने की आशंका बनी हुई है।