17वें इंडियन फिल्म फेस्टिवल ऑफ मेलबर्न ने IFFM अवॉर्ड्स 2026 के आधिकारिक नॉमिनेशन की घोषणा कर दी है। ये अवॉर्ड्स पिछले एक साल में भारतीय सिनेमा और OTT पर रिलीज़ हुए बेहतरीन कॉन्टेंट को सम्मानित करेंगे। भारत के बाहर भारतीय सिनेमा के सबसे बड़े फिल्म महोत्सव के रूप में पहचाना जाने वाला IFFM एक बार फिर अलग-अलग भाषाओं, शैलियों और प्लेटफॉर्म्स पर बेहतरीन कहानियों, शानदार अभिनय और रचनात्मक उत्कृष्टता का जश्न मनाएगा। विक्टोरियन सरकार के सहयोग से यह फिल्म फेस्टिवल 13 अगस्त से 23 अगस्त 2026 तक आयोजित होगा।
इस साल के नॉमिनेशन भारतीय कहानियों की विविधता, गहराई और नएपन को दर्शाते हैं। सिनेमाघरों में रिलीज़ हुई फिल्मों से लेकर तेजी से लोकप्रिय हो रहे OTT कॉन्टेंट तक, देशभर की अलग-अलग भाषाओं और संस्कृतियों का प्रतिनिधित्व इस सूची में देखने को मिलता है।
सीज़न के शुरुआती बड़े अवॉर्ड्स में शामिल IFFM अवॉर्ड्स को हमेशा से इंडियन स्क्रीन कॉन्टेंट के लिए एक महत्वपूर्ण मंच माना जाता है। अलग-अलग भाषाओं, क्षेत्रों, शैलियों और फॉर्मेट्स को समान महत्व देने के कारण इन अवॉर्ड्स ने भारतीय कहानी कहने की समृद्ध परंपरा और बदलते स्वरूप को सम्मान देने की एक खास पहचान बनाई है।
विजेताओं का चयन ऑस्ट्रेलिया के फिल्म और सांस्कृतिक जगत की प्रतिष्ठित हस्तियों से बनी एक सम्मानित ज्यूरी करेगी, जो सभी नॉमिनेशन का निष्पक्ष और वैश्विक दृष्टिकोण से मूल्यांकन करेगी।
पिछले कई वर्षों में इंडियन फिल्म फेस्टिवल ऑफ मेलबर्न भारतीय सिनेमा के लिए दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण मंचों में से एक बन चुका है। फिल्म स्क्रीनिंग और अवॉर्ड्स के अलावा यह फेस्टिवल भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच सांस्कृतिक सेतु का भी काम करता है, जहां फिल्मकार, कलाकार, दर्शक और इंडस्ट्री से जुड़े लोग एक साथ भारतीय कहानियों का जश्न मनाते हैं।
इस साल का फेस्टिवल फिल्म प्रीमियर, स्पेशल स्क्रीनिंग, पैनल डिस्कशन, मास्टरक्लास, इंडस्ट्री इवेंट्स, सांस्कृतिक कार्यक्रम और बहुप्रतीक्षित अवॉर्ड समारोह के साथ भारतीय सिनेमा के वैश्विक मंच के रूप में अपनी पहचान को और मज़बूत करेगा।

