:: खजराना पुलिस ने वाघेला गार्डन के पास दबोचा, ड्रग नेटवर्क की तलाश जारी ::
इंदौर । नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में खजराना थाना पुलिस ने शुक्रवार को कार्रवाई करते हुए मंदसौर के एक युवक को 110 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त मादक पदार्थ की कीमत करीब 11 लाख रुपए बताई जा रही है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर ब्राउन शुगर सप्लाई नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि वाघेला गार्डन के पास बायपास क्षेत्र में एक युवक ब्राउन शुगर लेकर ग्राहक की तलाश में घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। तलाशी में उसके कब्जे से 110 ग्राम ब्राउन शुगर और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।
:: खेती करता था, नशे के कारोबार में उतरा ::
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रामकिशन गिरी उर्फ रामनिवास गोस्वामी (28), निवासी ग्राम काटिया, थाना सुवासरा, जिला मंदसौर के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी आठवीं तक पढ़ा है और खेती करता था।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह स्वयं नशे का आदी है। नशे की लत और जल्द पैसा कमाने के लालच में वह मंदसौर के कोटड़ी क्षेत्र से ब्राउन शुगर लाकर इंदौर में बेचने लगा।
:: सप्लायर और खरीदारों की तलाश ::
खजराना थाना प्रभारी मनोज सिंह सेंधव ने बताया कि आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। उसे पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ब्राउन शुगर की खेप कहां से लाई गई थी, इसके पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हैं और इंदौर में इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। पुलिस फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक की जांच कर पूरे नेटवर्क तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
अधिकारियों के अनुसार पूछताछ में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की संभावना है। इसके आधार पर आगे और गिरफ्तारियां की जा सकती हैं। शहर में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

