सिंहस्थ-2028 : सांवेर के बूढ़ी बरलाई में 18 करोड़ से संवरेगा शिप्रा का आधुनिक घाट

इंदौर

:: जल संसाधन मंत्री सिलावट ने निर्माण कार्यों को परखा, बोले- सिंहस्थ के बाद 20 गांवों और देवास के श्रद्धालुओं को भी सालभर मिलेगी सुविधा ::
इंदौर । सिंहस्थ-2028 की तैयारियों को समय रहते पूर्ण करने और श्रद्धालुओं को विश्वस्तरीय सुविधाएं देने के लिए राज्य सरकार ने कदम बढ़ा दिए हैं। इसी कड़ी में जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने गुरुवार को सांवेर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बूढ़ी बरलाई में शिप्रा नदी पर बन रहे आधुनिक घाट का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की कछुआ चाल पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को दो टूक हिदायत दी कि तय समय-सीमा में और बिना किसी तकनीकी समझौते के उच्च गुणवत्ता का काम सुनिश्चित किया जाए। लगभग 500 मीटर की लंबाई में आकार ले रहे इस घाट के निर्माण पर 18 करोड़ रूपये की राशि खर्च की जा रही है, जिससे सिंहस्थ के दौरान यहाँ आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुव्यवस्थित माहौल मिल सकेगा।
निरीक्षण के बाद नईदुनिया से चर्चा में तुलसीराम सिलावट ने कहा कि यह घाट केवल सिंहस्थ महापर्व तक सीमित नहीं रहेगा। इसका सबसे बड़ा लाभ स्थानीय स्तर पर होगा, क्योंकि शिप्रा नदी के तट पर बसे करीब 20 गांवों के ग्रामीणों और पड़ोसी जिले देवास के श्रद्धालुओं को भी बारह महीने धार्मिक अनुष्ठान, मुंडन, पूजा-अर्चना और सामाजिक आयोजनों के लिए एक सर्वसुविधायुक्त सुरक्षित मंच मिल जाएगा। सरकार का लक्ष्य सिंहस्थ के माध्यम से ग्रामीण अंचलों में स्थाई विकास की मजबूत नींव रखना है।
मंत्री ने मौके पर मौजूद विभागीय अभियंताओं को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने घाट और नदी के किनारों पर मजबूत सुरक्षा रेलिंग लगाने, परिसर में आधुनिक पाइप फव्वारे स्थापित करने, सुलभ शौचालय, स्वच्छ पेयजल, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और बैठने के लिए सुंदर घाट निर्माण के निर्देश दिए। उन्होंने जल संसाधन विभाग के अफसरों से कहा कि सिंहस्थ हमारी आध्यात्मिक पहचान का महापर्व है, इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें ताकि देश-दुनिया से आने वाले श्रद्धालुओं को मालवा की अतिथि सत्कार परंपरा का सुखद अहसास हो सके।
इस दौरान ग्रामीण राजनीति और प्रशासनिक अमला भी मुस्तैद नजर आया। निरीक्षण के समय मुख्य रूप से मंडल अध्यक्ष रवि वाजपेयी, गोविंद सिंह, जिला पंचायत सदस्य माखन पटेल, हुकुम पटेल, सरपंच दिनेश