भोपाल में अतिक्रमण के खिलाफ निगम की कार्रवाई जारी, ठेले-गुमठियां सहित सामान जब्त

मध्य प्रदेश

भोपाल । नगर पालिक निगम भोपाल ने शहर में अतिक्रमण हटाने का अभियान लगातार जारी रखते हुए शनिवार को विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई की। निगम के अतिक्रमण निरोधक दस्तों ने सीएम हेल्पलाइन, महापौर हेल्पलाइन और अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों के निराकरण के साथ नियमित अभियान चलाकर फुटपाथों, सड़कों और नालियों पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया तथा बड़ी संख्या में सामान जब्त किया।
निगम आयुक्त श्रीमती संस्कृति जैन के निर्देश पर कोलार, नीलबड़, जवाहर चौक, एमपी नगर, अशोका गार्डन, मिसरोद, होशंगाबाद रोड, बावड़िया कला, जहांगीराबाद, अयोध्या बायपास, करोद, हमीदिया रोड, इब्राहिमगंज, रॉयल मार्केट सहित शहर के कई क्षेत्रों में कार्रवाई की गई। इस दौरान अवैध फेसिंग, नालियों पर बने चबूतरे, टपरे, फुटपाथ पर लगी दुकानें तथा आवागमन में बाधा बन रहे अतिक्रमण हटाए गए।
अभियान के दौरान मिसरोद रोड से यातायात में बाधा उत्पन्न कर रहे 10 चारपहिया वाहनों को हटाया गया। वहीं कोलार के कान्हाकुंज क्षेत्र में अवैध टपरा और नीलबड़ व सस्ता भंडार क्षेत्र में लगी अवैध फेसिंग भी हटाई गई। कार्रवाई के दौरान निगम ने एक ठेला, दो गुमठियां, दो पन्नियां, दो लोहे की टेबल, दो मटका स्टैंड, छह कुर्सियां, एक फ्लेक्स बोर्ड और एक कैरेट सहित अन्य सामग्री जब्त की।
नगर निगम ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक मार्गों और फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त बनाए रखने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण न करें और शहर को सुव्यवस्थित एवं सुगम बनाने में प्रशासन का सहयोग करें।