विशाल पैराडाइज मल्टी में लिया हालात का जायजा; नर्मदा जल की गुणवत्ता सामान्य पाई गई, 18 साल पुराने बोरिंग के पानी का सैंपल जांच के लिए भेजा
इंदौर । स्नेहलतागंज स्थित विशाल पैराडाइज मल्टी में गंदे पानी की शिकायत के बाद नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल मौके पर पहुंचे और स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने रहवासियों से चर्चा कर समस्या की जानकारी ली और जल आपूर्ति व्यवस्था की जांच कराई।
निरीक्षण के दौरान सामने आया कि नर्मदा जल की गुणवत्ता सामान्य पाई गई, जबकि मल्टी में उपयोग हो रहे करीब 18 वर्ष पुराने निजी बोरिंग के पानी से समस्या की आशंका जताई गई है। निगम टीम ने बोरिंग के पानी का सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिया है।
आयुक्त ने निर्देश दिए कि जांच रिपोर्ट आने तक बोरिंग के पानी का उपयोग बंद रखा जाए। आवश्यकता पड़ने पर रहवासियों के लिए वैकल्पिक जलापूर्ति की व्यवस्था भी की जाए।
:: ड्रेनेज लाइन की सफाई और मरम्मत के निर्देश ::
निरीक्षण के दौरान क्षेत्र की ड्रेनेज व्यवस्था की भी जांच की गई। आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को ड्रेनेज लाइन की सफाई और आवश्यक मरम्मत के निर्देश दिए।
साथ ही जेल प्रशासन से ड्रेनेज लाइन में कचरा नहीं डालने का आग्रह किया गया, ताकि जल निकासी व्यवस्था प्रभावित न हो और भविष्य में ऐसी समस्या न हो।
:: जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई ::
नगर निगम प्रशासन ने बताया कि जल नमूने की जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। निगम की प्राथमिकता रहवासियों को स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना है।
निरीक्षण के दौरान कार्यपालन यंत्री अश्विन जनवदे, सहायक यंत्री असित खरे, देवकीनंदन वर्मा, ज़ोनल अधिकारी राज ठाकुर सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

