भोपाल । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को छोला रोड स्थित श्री खेड़ापति हनुमान मंदिर पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की। वे निशातपुरा रेलवे स्टेशन पर दो ट्रेनों के नए स्टॉपेज के शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल होने के बाद मंदिर पहुंचे।
मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में निर्माणाधीन श्री खेड़ापति हनुमान लोक के कार्यों का भी अवलोकन किया। इस दौरान खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने उन्हें निर्माण कार्यों की प्रगति और प्रस्तावित सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी।
मंदिर में बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। उन्होंने श्रद्धालुओं से भेंट कर उनका अभिवादन स्वीकार किया। मंदिर के पुजारी एवं श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव का सम्मान करते हुए उन्हें प्रतीक स्वरूप गदा भेंट की।
मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन हनुमान लोक के कार्यों को लेकर अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की और कार्यों को निर्धारित गुणवत्ता एवं समयसीमा में पूरा करने पर जोर दिया। इस अवसर पर मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की विशेष उत्साहपूर्ण उपस्थिति रही।

