मुख्यमंत्री ने ‘एमपीआरडीसी: कनेक्टिंग पीपुल थ्रू क्वालिटी इंफ्रास्ट्रक्चर’ कॉफी टेबल बुक का किया विमोचन

मध्य प्रदेश

भोपाल । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को मंत्रालय में एमपीआरडीसी: कनेक्टिंग पीपुल थ्रू क्वालिटी इंफ्रास्ट्रक्चर कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया। यह पुस्तक लोक निर्माण विभाग और मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम (एमपीआरडीसी) द्वारा इकोनॉमिक टाइम्स तथा अन्य स्टेकहोल्डर्स के सहयोग से तैयार की गई है। इसका उद्देश्य प्रदेश में आधारभूत ढांचे के विकास, आधुनिक सड़क संपर्क और सतत प्रगति की यात्रा को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पुस्तक प्रदेश की विकास यात्रा, गुणवत्तापूर्ण अधोसंरचना निर्माण और सड़क संपर्क के विस्तार का महत्वपूर्ण दस्तावेज है। इसमें लोक निर्माण विभाग और एमपीआरडीसी की उपलब्धियों, नवाचारों तथा भविष्य की विकास दृष्टि को समग्र रूप से दर्शाया गया है।
पुस्तक में प्रदेश की प्रमुख अवसंरचना परियोजनाओं का तथ्यपरक और आकर्षक विवरण दिया गया है। इसमें विशेष रूप से हाइब्रिड एन्यूटी मॉडल (HAM) पर विकसित परियोजनाओं, एक्सप्रेस-हाईवे, प्रमुख सड़कों, फ्लाईओवर और पुल निर्माण कार्यों को प्रमुखता से शामिल किया गया है। साथ ही आर्थिक, औद्योगिक, धार्मिक और पर्यटन केंद्रों को जोड़ने वाली सड़क परियोजनाओं की प्रगति, आधुनिक तकनीकों के उपयोग, परियोजना प्रबंधन की नई पहल तथा विभाग की भावी योजनाओं और रोडमैप को भी पुस्तक में स्थान दिया गया है।
इस अवसर पर लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल, अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई, मनीष रस्तोगी, प्रमुख सचिव सुखबीर सिंह सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।