ग्वालियर में 80 करोड़ का कैंसर अस्पताल बनेगा
भोपाल/ग्वालियर । विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर और उप मुख्यमंत्री तथा लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री राजेंद्र शुक्ल ने गुरुवार को आईटीएम हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर में मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर (ओटी) कॉम्प्लेक्स, कार्डियोथोरेसिक एंड वैस्कुलर सर्जरी आईसीयू (सीटीवीएस आईसीयू) और कार्डियक केयर यूनिट (सीसीयू) का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार और निजी क्षेत्र के साझा प्रयासों से प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है।
राजेंद्र शुक्ल ने बताया कि ग्वालियर में टाटा मेमोरियल अस्पताल की तर्ज पर लगभग 80 करोड़ रुपये की लागत से कैंसर अस्पताल स्थापित किया जाएगा। साथ ही जीआर मेडिकल कॉलेज के कायाकल्प पर करीब एक हजार करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे, जिससे आधुनिक भवन और अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएं विकसित होंगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के प्रमुख मेडिकल कॉलेजों से जुड़े अस्पतालों को एम्स की तर्ज पर विकसित किया जा रहा है।
विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि अस्पताल लोकसेवा का सर्वोत्तम माध्यम हैं और स्वास्थ्य संस्थानों का उद्देश्य केवल लाभ कमाना नहीं, बल्कि आमजन को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना भी होना चाहिए। उन्होंने शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में आईटीएम समूह की पहल की सराहना की।
आईटीएम के चांसलर डॉ. दौलत सिंह चौहान ने बताया कि अस्पताल में चार नए आधुनिक ऑपरेशन थिएटर, सीटीवीएस आईसीयू और सीसीयू शुरू होने से जटिल सर्जरी की क्षमता बढ़ेगी। उन्होंने बताया कि पिछले चार वर्षों में अस्पताल में करीब 2.5 लाख निःशुल्क ओपीडी, 72 हजार से अधिक ऑपरेशन और 10 हजार से ज्यादा नेत्र ऑपरेशन किए जा चुके हैं। कार्यक्रम में आईटीएम विश्वविद्यालय की कुलाधिपति रुचि सिंह, कुलगुरु प्रो. योगेश उपाध्याय सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे।

