भोपाल । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि बैरसिया में 50.74 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित शासकीय सांदीपनि ठाकुर लाल सिंह उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का लोकार्पण क्षेत्र में शिक्षा के नए युग की शुरुआत है। करीब 35 एकड़ में बने इस अत्याधुनिक विद्यालय से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक सुविधाएं, संस्कार और कौशल प्राप्त होंगे, जिससे वे आत्मनिर्भर बनकर विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। विद्यालय के लोकार्पण अवसर पर मुख्यमंत्री ने परिसर में पौधरोपण भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण, अनुशासन और व्यक्तित्व विकास की पाठशाला है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी रुचि के अनुरूप क्षेत्र चुनकर उत्कृष्टता हासिल करने तथा ज्ञान के साथ संस्कार अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सांदीपनि विद्यालय भगवान श्रीकृष्ण के गुरु महर्षि सांदीपनि की गौरवशाली परंपरा से प्रेरित हैं और इनका उद्देश्य आधुनिक शिक्षा के साथ भारतीय संस्कृति एवं नैतिक मूल्यों का विकास करना है।
डॉ. यादव ने कहा कि वर्ष 2047 में स्वतंत्रता की शताब्दी पर आज के विद्यार्थी विकसित भारत का नेतृत्व करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा को कौशल विकास, स्वरोजगार और उद्यमिता से जोड़ने के लिए लगातार कार्य कर रही है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने भोपाल-बैरसिया मार्ग को फोरलेन बनाने की घोषणा भी की, जिससे क्षेत्र की कनेक्टिविटी और आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया। बैरसिया विधायक विष्णु खत्री सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

