नीतीश कुमार ने दिल्ली में पीएम मोदी से की मुलाकात

देश-विदेश

नई दिल्ली । जनता दल-यूनाइटेड (जदयू) के प्रमुख और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। यह मुलाकात बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की हार के अगले दिन हुई, जहाँ भाजपा को जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने उसके गढ़ में शिकस्त दी। प्रधानमंत्री मोदी के साथ नीतीश की बैठक में जदयू नेता एवं केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह और पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा भी मौजूद थे। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने मुलाकात की पुष्टि की। नीतीश कुमार ने संसद भवन परिसर में हुई एक शिष्टाचार भेंट बताया।
भाजपा का गढ़ कह जाने वाले बांकीपुर में यह उपचुनाव नितिन नवीन के सीट खाली करने के बाद हुआ था, और भाजपा उम्मीदवार नीरज कुमार को प्रशांत किशोर ने 19,324 मतों के अंतर से हराया। उल्लेखनीय है कि दस बार बिहार के मुख्यमंत्री रहे नीतीश कुमार ने इस साल अप्रैल में इस्तीफा दे दिया था, जिसके बाद राज्य में पहली बार एक भाजपा नेता सम्राट चौधरी ने सरकार की कमान संभाली। बिहार में जदयू और भाजपा सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के घटक हैं।