पुलिस वाहन को ट्रेलर ने मारी जोरदार टक्कर, 5 पुलिसकर्मियों की मौत, 3 गंभीर

ताज़ा खबर देश

झारसुगुड़ा । ओडिशा के झारसुगुड़ा जिले में रविवार तड़के एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने पुलिस की बोलेरो गाड़ी को टक्कर मार दी, जिससे पांच पुलिस कर्मियों की मौत हो गई। तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। इस भीषण घटना में पुलिस वाहन के परखच्चे उड़ गए। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस टीम ड्यूटी पर थी, तभी विपरीत दिशा से आ रहे एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार ट्रेलर ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बोलेरो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे उसमें सवार पांच पुलिस कर्मियों ने घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इस हादसे में अपनी जान गंवाने वाले जवानों की पहचान कर ली गई है। इस दुर्घटना में ड्रिल सब-इंस्पेक्टर निरंजन कुजूर, एपीआर कर्मी काशीराम भोई, एपीआर कर्मी देबदत्त सा, एपीआर हवलदार लिंगराज धुरुआ और होमगार्ड भक्तबंधु मिर्धा की जान गई है।
जानकारी के मुताबिक दुर्घटना में घायल तीन अन्य कर्मियों में आर्म्ड पुलिस रिजर्व के दो सदस्य और एक सार्जेंट शामिल हैं। स्थानीय पुलिस ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर उन्हें बाहर निकाला और तुरंत अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के मुताबिक तीनों की हालत नाजुक बनी हुई है और उन्हें विशेषज्ञों की कड़ी निगरानी में रखा गया है। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने आरोपी ट्रेलर चालक को हिरासत में ले लिया है। पुलिस पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या यह हादसा चालक की लापरवाही, नींद आने या किसी तकनीकी खराबी के कारण हुआ। वरिष्ठ अधिकारियों ने शहीदों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है और घायलों को बेहतर इलाज का आश्वासन दिया है।