-प्रधानमंत्री मोदी ने श्यामा प्रसाद मुखर्जी को नमन कर अनुच्छेद 370 हटने के सात वर्ष पूरे होने पर कहा
नई दिल्ली । जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 और 35(ए) के अधिकांश प्रावधान हटाए जाने के सात वर्ष पूरे होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे देश के इतिहास का महत्वपूर्ण पड़ाव बताया। सोशल मीडिया मंच एक्स पर जारी अपने संदेश में प्रधानमंत्री ने कहा कि 5 अगस्त 2019 का निर्णय जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के विकास की दिशा में एक निर्णायक मोड़ साबित हुआ और इसके बाद दोनों केंद्रशासित प्रदेशों में विकास का नया अध्याय शुरू हुआ।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पिछले सात वर्षों में जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में आधारभूत संरचना का तेजी से विस्तार हुआ है तथा शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल और अन्य क्षेत्रों में नए अवसर सृजित हुए हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं, पिछड़े वर्गों और अन्य वंचित समुदायों को भारतीय संविधान के पूर्ण रूप से लागू होने के बाद वे अधिकार प्राप्त हुए, जिनसे वे लंबे समय तक वंचित रहे थे। प्रधानमंत्री मोदी ने इस अवसर पर भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को भी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि इस वर्ष उनकी 125वीं जयंती मनाई जा रही है और राष्ट्रीय एकता के प्रति उनका समर्पण आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दशकों पहले डॉ. मुखर्जी ने जिस भारत की कल्पना की थी, उसे 5 अगस्त 2019 के निर्णय ने नई दिशा दी।

