थलसेना प्रमुख सेठ का आह्वान: चुनौतियों के लिए तैयार रहे सेना

ताज़ा खबर देश-विदेश

ऑपरेशनल तैयारियों की समीक्षा
नई दिल्ली । थलसेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ ने 4 और 5 अगस्त को मध्य कमान की विभिन्न सैन्य संरचनाओं का दो दिवसीय दौरा कर ऑपरेशनल तैयारियों की महत्वपूर्ण समीक्षा की। लखनऊ स्थित मध्य कमान मुख्यालय में उन्हें कमान की परिचालन स्थिति, आधारभूत ढांचे के विकास, आधुनिकीकरण और युद्धक तैयारियों को मजबूत करने के लिए उठाए जा रहे कदमों से अवगत कराया। इसके बाद उन्होंने उत्तर भारत एरिया मुख्यालय का दौरा कर सैन्य कमांडरों तथा सैनिकों से मुलाकात की।
इस दौरान, सेना प्रमुख ने सभी रैंकों के सैनिकों को संबोधित कर कहा कि ऑपरेशनल तैयारी, बदलती परिस्थितियों के अनुरूप ढलने की क्षमता और आत्मनिर्भरता ही सैन्य प्रभावशीलता की आधारशिला हैं। उन्होंने सैनिकों से सतर्क रहने, परिचालन दृष्टि से चुस्त बने रहने और भविष्य की चुनौतियों के लिए हमेशा तैयार रहने का आह्वान किया, ताकि उभरती सुरक्षा चुनौतियों का प्रभावी ढंग से सामना किया जा सके।
जनरल सेठ ने इस मौके पर सेवानिवृत्त मेजर जनरल हर्ष काकर, सेवानिवृत्त कर्नल अरविंद सिंह कुशवाहा, सेवानिवृत्त नायब सूबेदार राधे श्याम तथा मानद कैप्टन एवं सेवानिवृत्त रिसालदार मेजर विजय कुमार को योद्धा सेवा सम्मान से सम्मानित किया। यह सम्मान उन्हें सामाजिक सेवा, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण, कृषि, खेल और पूर्व सैनिक कल्याण के क्षेत्र में सक्रिय सैन्य सेवा के बाद भी राष्ट्र के प्रति उनके उत्कृष्ट योगदान और समर्पण के लिए प्रदान किया गया। यह दौरा भारतीय सेना की उच्च परिचालन तैयारियों और तकनीकी रूप से सशक्त, आत्मनिर्भर व भविष्य के लिए तैयार सैन्य बल बनाने के निरंतर प्रयासों पर बल देता है।
गौरतलब है कि पिछले महीने के अंत में, जनरल धीरज सेठ ने देश के पूर्वोत्तर क्षेत्र में सुरक्षा स्थिति की भी व्यापक समीक्षा की थी। 28 और 29 जुलाई को पूर्वी थिएटर के सैन्य गठन क्षेत्रों के अपने दो दिवसीय दौरे पर उन्होंने पूर्वोत्तर की मौजूदा सुरक्षा स्थिति, सैन्य तैयारियों और शांति एवं स्थिरता बनाए रखने के प्रयासों का जायजा लिया था। इस दौरान उन्होंने मणिपुर की सुरक्षा स्थिति और विभिन्न राज्यों में बाढ़ राहत अभियानों की प्रगति का भी जायजा लिया था।