सीएम उमर ने बाढ़ और भूस्खलन से प्रभावित क्षेत्रों का किया दौरा

देश-विदेश

मूसलाधार बारिश से पुंछ में 16 लोगों की मौत हो गई थी, कई हैं लापता
जम्मू,(ईएमएस)। जम्मू कश्मीर के सीएम उमर अब्दुल्ला पुंछ जिले में आई बाढ़ और भूस्खलन से प्रभावित क्षेत्रों का बुधवार को दौरा कर जमीनी स्थिति का जायजा लिया। पिछले महीने हुई मूसलाधार बारिश से सीमा से लगे इस जिले में 16 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि छह अभी भी लापता हैं। सीएम ने पुंछ का दौरा कर हालिया बाढ़ से प्रभावित लोगों से मुलाकात कमी और नुकसान और राहत संबंधी जरूरतों का प्रत्यक्ष आकलन किया। वह जिला प्रशासन के साथ राहत, पुनर्वास और बहाली कार्यों की भी समीक्षा करेंगे।
अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री ऐतिहासिक मुगल रोड के रास्ते पुंछ पहुंचे, जहां पीर की गली में उनके कैबिनेट सहयोगी और जल शक्ति मंत्री जावेद अहमद राणा तथा सुरनकोट के विधायक चौधरी मोहम्मद अकरम ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी भी उनके साथ मौजूद थे। सुरनकोट 19 जुलाई को आई इस प्राकृतिक आपदा में सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्र रहा और वहां सबसे ज्यादा लोगों की जान गई। मूसलाधार बारिश के कारण बादल फटने, बाढ़ और भूस्खलन की घटनाएं हुईं जिससे व्यापक तबाही मची। कई मकान और वाहन बह गए, सड़कें और बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान पहुंचा और जिले भर में सैकड़ों परिवार प्रभावित हुए।
बता दें सीएम उमर अब्दुल्ला ने 19 जुलाई को जम्मू में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर भारी बारिश के बाद की स्थिति की समीक्षा की थी। उन्होंने पुंछ और उससे सटे राजौरी जिले में वर्षा संबंधी घटनाओं में जान गंवाने वालों के परिजनों को छह-छह लाख रुपए की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की थी। राजौरी में इस आपदा में तीन लोगों की मौत हुई थी, जबकि एक व्यक्ति आज भी लापता है। अधिकारियों ने बताया कि सीएम राजौरी जिले का दौरा भी कर सकते हैं।