अतीक अहमद के छोटे बेटे की सड़क हादसे में मौत, तीन गंभीर रुप से घायल

ताज़ा खबर देश-विदेश

-जेल में बंद अपने बड़े भाई से मिलकर दोस्तों के साथ लौट रहा था अबान
प्रयागराज,(ईएमएस)। यूपी के बाहुबली और माफिया अतीक अहमद के छोटे बेटे अबान अहमद की सड़क हादसे में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि अतीक का छोटा बेटा अपने दोस्तों के साथ कार में सवार होकर जेल में बंद अपने बड़े भाई से मिलकर लौट रहा था। झांसी के पूंछ थाना क्षेत्र में हाईवे पर कार डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। कार में कुल पांच लोग थे बताया जा रहा है। इसमें से दो की मौत हुई है। पांचों को गाड़ी से पुलिस ने बाहर निकाला।
जानकारी के मुताबिक हादसे के बाद पांचों को पुलिस अस्पताल लेकर गई थी। अस्पताल में तीन घायल भर्ती हैं। दो की मौत हो गई है। अबान और उसके दोस्त सोनू की मौत हुई है। अबान अपने साथियों के साथ झांसी जेल में बंद अपने भाई अली अहमद से मुलाकात करने गया था। मुलाकात के बाद लौटते समय पूंछ क्षेत्र के पास उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और ऐम्बुलेंस मौके पर पहुंची थी। घायलों ने पुलिस को हादसे की जानकारी देते हुए बताया कि गाड़ी की स्पीड बहुत तेज थी। हादसा रात के करीब साढ़े दस बजे के आसपास हुआ।