10 दिन में 2.40 करोड़ के मादक पदार्थ जब्त, 50 से ज्यादा तस्करों पर शिकंजा

मध्य प्रदेश

:: नीमच में सबसे बड़ी कार्रवाई; 1.65 करोड़ की ड्रग्स सहित हथियार और वाहन जब्त, इंदौर में ब्राउन शुगर व वेप पर कार्रवाई ::
भोपाल/इंदौर । मध्यप्रदेश पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी कार्रवाई करते हुए पिछले 10 दिनों में प्रदेशभर से 2 करोड़ 40 लाख रुपये से अधिक मूल्य के मादक पदार्थ और तस्करी में प्रयुक्त संपत्ति जब्त की है। पुलिस ने विभिन्न जिलों में कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किए हैं।
नशे से दूरी है जरूरी 2.0 अभियान के तहत की गई कार्रवाई में सबसे बड़ी सफलता नीमच जिले में मिली, जहां पुलिस ने 1 करोड़ 65 लाख 72 हजार रुपये से अधिक मूल्य के मादक पदार्थ जब्त किए। कार्रवाई में 835 किलो 84 ग्राम डोडाचूरा, 3 किलो 670 ग्राम अफीम, 220 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ देशी पिस्टल, कारतूस और तस्करी में प्रयुक्त दो वाहन बरामद किए गए। इस मामले में 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
:: राजगढ़ में 75 किलो गांजा पकड़ा ::
राजगढ़ जिले के कुरावर थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय तस्करों के नेटवर्क पर कार्रवाई करते हुए 75 किलो से अधिक गांजा और परिवहन में प्रयुक्त बोलेरो पिकअप वाहन जब्त किया। मामले में राजस्थान के दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया। जब्त सामग्री की कीमत करीब 15.50 लाख रुपये बताई गई है।
रतलाम में पुलिस ने 147 ग्राम एमडीएमए और 2 किलो 104 ग्राम डोडाचूरा के साथ दो आरोपियों को पकड़ा। वहीं मंदसौर में अलग-अलग थाना क्षेत्रों की कार्रवाई में 336 किलो 840 ग्राम डोडाचूरा, 230 ग्राम एमडीएमए, कार, ट्रैक्टर और बाइक सहित 15 लाख 74 हजार रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की गई।
:: ग्वालियर से भोपाल तक फैला कार्रवाई का दायरा ::
ग्वालियर पुलिस ने 57 किलो 273 ग्राम गांजे के साथ चार आरोपियों को गिरफ्तार कर करीब 10.70 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की। कटनी में गांजा और नाइट्राजेपाम टेबलेट सहित तीन आरोपी पकड़े गए। नरसिंहपुर में ऑपरेशन ईगल क्लॉ के तहत स्मैक जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
राजधानी भोपाल में क्राइम ब्रांच ने अलग-अलग कार्रवाई में करीब 40 किलो गांजा, वाहन और मोबाइल फोन जब्त किए। शाहपुरा और अयोध्यानगर थाना पुलिस ने भी गांजा और एमडी ड्रग्स के मामलों में कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया।
:: इंदौर में ब्राउन शुगर और प्रतिबंधित वेप पर कार्रवाई ::
इंदौर पुलिस ने भी नशे के खिलाफ अभियान जारी रखते हुए हीरानगर थाना क्षेत्र से 10.28 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया। जब्त मादक पदार्थ की कीमत करीब 1.30 लाख रुपये बताई गई। वहीं विजय नगर थाना पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान प्रतिबंधित ई-सिगरेट (वेप) की खेप पकड़ी और एक आरोपी को गिरफ्तार किया।
इसके अलावा खरगोन के बड़वाह में ब्राउन शुगर और दमोह में गांजा जब्त कर कार्रवाई की गई। पुलिस ने सभी मामलों में तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ प्रदेशभर में अभियान आगे भी जारी रहेगा।