:: कांवड़ यात्रा की पेट्रोलिंग के दौरान राऊ-राजेंद्र नगर पुलिसकर्मियों की तत्परता; समय पर अस्पताल पहुंचाया ::
इंदौर । कांवड़ यात्रा की पेट्रोलिंग में तैनात पुलिस जवानों की सतर्कता और मानवीय पहल से एक छात्र की जान बच गई। राऊ और राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में पेट्रोलिंग कर रहे पुलिसकर्मियों ने बाइक से गिरकर बेहोश हुए छात्र को तत्काल सीपीआर दिया और समय पर अस्पताल पहुंचाकर उसका उपचार शुरू कराया।
जानकारी के अनुसार, दो छात्र मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे बैठा छात्र अचानक चलती बाइक से नीचे गिर गया और मौके पर ही बेहोश हो गया। घटना के समय कांवड़ यात्रा क्षेत्र में पेट्रोलिंग कर रहे राऊ थाने के प्रधान आरक्षक बलराम चौहान और राजेंद्र नगर थाने के राहुल बोर्डिया व विवेक प्रजापति की नजर बेहोश पड़े छात्र पर पड़ी।
पुलिस जवानों ने बिना देर किए छात्र के पास पहुंचकर उसकी स्थिति संभाली और प्राथमिक उपचार के रूप में सीपीआर देना शुरू किया। सीपीआर मिलने के बाद छात्र की स्थिति में सुधार के संकेत मिले। इसके बाद जवानों ने तत्काल ऑटो रिक्शा की व्यवस्था कर छात्र को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उपचार शुरू किया।
समय पर सीपीआर और त्वरित चिकित्सा सहायता मिलने से छात्र की जान बच सकी। पुलिसकर्मियों की तत्परता, संवेदनशीलता और मानवीय पहल की क्षेत्रीय रहवासियों एवं राहगीरों ने सराहना की।

