:: 57 महिलाओं ने ध्यान, संगीत, हास्य और आत्मचिंतन से तनाव प्रबंधन के सीखे सूत्र; मोबाइल की लत से मुक्ति पर भी हुआ मंथन ::
इंदौर । तनाव भरी दिनचर्या से कुछ पल दूर प्रकृति के बीच आत्मिक सुकून और सकारात्मक ऊर्जा की तलाश में महिला प्रकोष्ठ अग्रवाल समाज की सखियां महेश्वर के निकट सहस्त्रधारा पहुंचीं। “लव यू जिंदगी” श्रृंखला के तहत आयोजित दो दिवसीय रिट्रीट में 57 महिलाओं ने ध्यान, आत्मचिंतन, संगीत, नृत्य, हास्य और समूह संवाद के माध्यम से जीवन को बेहतर और संतुलित बनाने के सूत्र सीखे।
प्रकोष्ठ प्रमुख प्रतिभा मित्तल ने बताया कि बुधवार और गुरुवार को सहस्त्रधारा स्थित जालकोठी आश्रम में आयोजित इस कार्यक्रम में सखियों ने ध्यान की विभिन्न विधियों का अभ्यास किया। साथ ही बोटिंग, मनोरंजक खेल, समूह चर्चा और रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से रोजमर्रा के तनाव, मानसिक बेचैनी और वैचारिक उलझनों से निपटने के उपायों पर मंथन किया।
:: पांच समूहों में हुआ रचनात्मक संवाद ::
कार्यक्रम में सखियों को पांच समूहों – सुगंधा, मोहिनी, मेनका, अप्सरा और राधारानी में विभाजित किया गया। इन समूहों की जिम्मेदारी क्रमशः प्रवीणा, वैशाली, करुणा, मोनिका और नीलम ने संभाली।
ध्यान सत्र में सखियों ने जिबरीश और ओशो कुंडलिनी ध्यान का अभ्यास किया। रात्रि में आयोजित “क्रिएटिव नाइट” में पांचों समूहों ने अमृत मंथन, नृत्य, गायन और हास्य प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा दिखाई। इस दौरान मोबाइल की बढ़ती निर्भरता, डिजिटल जीवन में संतुलन और स्वयं के लिए समय निकालने जैसे विषयों पर भी विचार साझा किए गए।
:: मोबाइल से दूरी, खुद से जुड़ने की पहल ::
कार्यक्रम में मोबाइल के अत्यधिक उपयोग के प्रभावों पर चर्चा करते हुए सखियों ने माना कि तकनीक जरूरी है, लेकिन संतुलित उपयोग भी उतना ही महत्वपूर्ण है। परिवार, प्रकृति और स्वयं के साथ समय बिताने के महत्व पर भी विचार-विमर्श किया गया।
:: आयोजन में रही इनकी भूमिका ::
कार्यक्रम का संयोजन शीतल अग्रवाल, अलका अग्रवाल, संगीता पाटनी एवं तिलोत्तमा ने किया। सभी समूहों को पहले से विषय दिए गए थे, जिन पर सखियों ने तैयारी कर प्रस्तुतियां दीं।
समापन अवसर पर प्रतिभा मित्तल ने कहा कि “लव यू जिंदगी” रिट्रीट केवल मनोरंजन कार्यक्रम नहीं, बल्कि ध्यान, मित्रता, आत्मीय विकास और जीवन को उत्सव की तरह जीने की दिशा में एक सार्थक पहल है। सभी सखियां यहां से नई ऊर्जा और यादगार अनुभव लेकर इंदौर लौटीं।
:: इन सखियों ने की सहभागिता ::
सुगंधा ग्रुप : सोनल, सीमा, प्रवीणा, कोकिला, पिंकी, टीना, नीता, रितु, पिंकी अग्रवाल, काजल एवं स्नेह।
मोहिनी ग्रुप : वैशाली, मीना, अंकिता, शिवांगी, वंदना, स्मिता, संगीता, तिलोत्तमा, श्वेता, रिम्पल एवं सरिता।
मेनका ग्रुप : करुणा, प्रतिभा, नेहा, राखी, प्रियंका, शालिनी, रेणु, प्रेमा, प्रीति, पायल एवं नीलिमा।
अप्सरा ग्रुप : मोनिका, शीतल, अंजू, मीणा, स्वाति, शिल्पा, मोनिका, प्रिय, कविता, अलका, नीना एवं लता।
राधारानी ग्रुप : नीलम, क्षमा, मोनिका, रोशनी, गायत्री, मोना, किरण बागड़ी, साधना, श्वेता, शोभा, अलका एवं किरण।
सभी सखियों ने उत्साह के साथ गतिविधियों में भाग लेकर “लव यू जिंदगी” के संदेश को सार्थक किया।

