-सभी यात्रियों को सुरक्षित उतारा, 4 घंटे इंतेजार के बाद विमान दिल्ली हुआ रवाना
लुधियाना । लुधियाना के हलवारा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से दिल्ली जाने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट उड़ान नहीं भर सकी। विमान रनवे की तरफ बढ़ रहा था, तभी अचानक उसमें से तेज आवाज सुनाई दी। आवाज सुनते ही पायलट ने विमान को आगे ले जाने के बजाय वापस एप्रन पर ले जाकर खड़ा कर दिया। तकनीकी खराबी सामने आने के बाद सभी यात्रियों को विमान से उतारकर सुरक्षित टर्मिनल बिल्डिंग तक पहुंचाया। इसके बाद विमान की जांच की गई और जरूरी प्रक्रिया पूरी होने के बाद फ्लाइट को करीब 4 घंटे की देरी से दिल्ली रवाना किया गया।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक इस घटना के कारण यात्रियों को एयरपोर्ट पर काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। हालांकि, एयर इंडिया और एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के अधिकारियों ने तकनीकी खराबी और विमान में आई तेज आवाज के बारे में कोई जानकारी देने से इनकार कर दिया। यह पहली बार नहीं है, जब हलवारा से जुड़ी एयर इंडिया की उड़ान प्रभावित हुई हो। कुछ दिन पहले भी दिल्ली से हलवारा आ रही फ्लाइट को 10 हजार फीट की ऊंचाई से वापस दिल्ली लौटना पड़ा था। उस दिन भी खराब मौसम के कारण विमान को लैंडिंग से पहले दो चक्कर लगाने पड़े थे।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि 7 अगस्त को दोपहर 2:40 बजे दिल्ली के लिए फ्लाइट यात्रियों को लेकर एप्रन से रनवे की ओर बढ़ रहा था। तभी विमान में आगे की ओर से तेज आवाज आई। आवाज आते ही उड़ान रोक दी गई और विमान को वापस एप्रन पर लाया गया। यात्रियों को कर्मचारियों ने बताया कि फ्लाइट में तकनीकी गड़बड़ी आई है। इसके साथ ही दिल्ली में हो रही तेज बारिश और खराब मौसम के कारण भी उड़ान संचालन रोकने की सलाह दी गई थी। इन दोनों कारणों से टेकऑफ टाल दिया गया। विमान में 50 यात्री सवार थे। 4 घंटे की देरी की बात सुनकर 30 यात्रियों ने यात्रा रद्द कर दी और घर लौट गए। वहीं 20 यात्री इंतजार करते रहे और शाम 7 बजे विमान दिल्ली रवाना हुआ।

