दिल्ली-एनसीआर में जलभराव से जाम, बिहार में 300 घर डूबे, हिमाचल में 162 सड़कें बंद, यूपी में नदियां उफान पर
नई दिल्ली । देश के कई राज्यों में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन प्रभावित कर दिया है। जम्मू-कश्मीर में बारिश और भूस्खलन के खतरे को देखते हुए शनिवार को जम्मू से अमरनाथ यात्रा रोक दी गई। वहीं दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार को हुई तेज बारिश के बाद कई प्रमुख सड़कों पर जलभराव हो गया। दिल्ली-गुरुग्राम हाईवे समेत कई स्थानों पर करीब चार फीट तक पानी भरने से वाहन फंस गए और लंबा ट्रैफिक जाम लगा। बिहार, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और राजस्थान में भी बारिश और बाढ़ से हालात बिगड़ रहे हैं।
खराब मौसम और अगले कुछ दिनों में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए शनिवार को भगवती नगर बेस कैंप से अमरनाथ यात्रा के लिए श्रद्धालुओं का नया जत्था कश्मीर के लिए रवाना नहीं किया गया। प्रशासन जम्मू-श्रीनगर हाईवे की स्थिति और मौसम पर लगातार नजर रख रहा है। मौसम विभाग ने जम्मू क्षेत्र में 11 अगस्त तक कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश के साथ अचानक बाढ़ और भूस्खलन की आशंका जताई है। अब तक 4.75 लाख से अधिक श्रद्धालु अमरनाथ गुफा के दर्शन कर चुके हैं। शनिवार सुबह हल्की से मध्यम बारिश के बावजूद जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर यातायात सामान्य बताया गया।
दिल्ली में 2011 के बाद सबसे ज्यादा बारिश
दिल्ली में शुक्रवार को हुई तेज बारिश से कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। प्रमुख सड़कों पर पानी भरने के कारण वाहन बीच रास्ते में फंस गए और यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई। मौसम विभाग ने शनिवार को भी दिल्ली के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। अगस्त के पहले सप्ताह में दिल्ली में अब तक 127 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो 2011 के बाद इस अवधि में सबसे अधिक बताई जा रही है।
बिहार में गंडक का पानी 300 घरों में घुसा
नेपाल में हो रही तेज बारिश के कारण बिहार में नदियों का जलस्तर बढ़ रहा है। मुजफ्फरपुर में बागमती नदी उफान पर है, जबकि बगहा में गंडक नदी का पानी करीब 300 घरों में घुस गया है। प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। नेपाल की बारिश और नदियों में बढ़ते जल स्तर के कारण बिहार के मुजफ्फरपुर में जनजीवन प्रभावित हुआ है।
यूपी में नदियां उफान पर, घाट डूबे
उत्तर प्रदेश में करीब 25 दिनों से जारी बारिश के कारण कई नदियां उफान पर हैं। वाराणसी में गंगा का जलस्तर बढ़ने से घाट डूब गए हैं और 84 घाटों का संपर्क टूट गया है। कई छोटे मंदिरों में भी पानी घुस गया है। फर्रुखाबाद में गंगा के कटान से पिछले दो दिनों में आठ घर नदी में समा गए, जबकि 10 से अधिक गांवों का संपर्क प्रभावित हुआ है। बलिया में सरयू नदी में 27 घर समा चुके हैं। आगरा में सड़क धंसने से करीब 20 फीट गहरा गड्ढा बन गया।
हिमाचल में 162 सड़कें बंद
हिमाचल प्रदेश में लगातार बारिश के कारण ब्यास नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। चंडीगढ़-मनाली और मंडी-पठानकोट हाईवे समेत राज्य की 162 सड़कें बंद हो गई हैं। वहीं राजस्थान के 30 जिलों में तेज बारिश का यलो अलर्ट है। सीकर और झुंझुनूं में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है, जबकि भरतपुर में स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है।

