इंदौर और भोपाल मेट्रो में शुरू हुई नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड सुविधा

इंदौर

एक ही कार्ड से देश के विभिन्न मेट्रो नेटवर्क में कर सकेंगे सफर, 50 रुपये में मिलेगा कार्ड; 25 प्रतिशत किराये की छूट का लाभ भी ::
इंदौर/भोपाल । इंदौर और भोपाल मेट्रो में गुरुवार से नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (एनसीएमसी) की सुविधा शुरू हो गई है। इसके माध्यम से यात्री एक ही कार्ड से देश के उन सभी मेट्रो नेटवर्क में सफर कर सकेंगे, जहां यह व्यवस्था लागू है। मध्यप्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड की इस पहल से यात्रियों को बार-बार टिकट खरीदने और टिकट काउंटरों की कतारों में लगने से राहत मिलेगी।
एनसीएमसी कार्ड इंदौर और भोपाल के सभी परिचालित मेट्रो स्टेशनों के टिकट काउंटरों पर उपलब्ध है। इसे प्राप्त करने के लिए 50 रुपये शुल्क देना होगा, जो वापस नहीं किया जाएगा। कार्ड लेने के बाद यात्री अपनी सुविधानुसार राशि रिचार्ज कराकर यात्रा कर सकेंगे। रिचार्ज के लिए टिकट काउंटर, टिकट वेंडिंग मशीन और एमपी मेट्रो मोबाइल ऐप की सुविधा उपलब्ध है।
:: किराये में 25 प्रतिशत की छूट ::
एनसीएमसी कार्ड से 20 रुपये से अधिक निर्धारित किराये वाली यात्राओं पर 25 प्रतिशत की छूट मिलेगी। इसके अलावा मेट्रो कॉर्पोरेशन की 11 अक्टूबर से 31 दिसंबर 2026 तक लागू प्रमोशनल योजना के तहत सिंगल जर्नी टिकट पर 25 प्रतिशत, रिटर्न जर्नी टिकट पर कुल 30 प्रतिशत और कम से कम दो यात्रियों वाले ग्रुप टिकट पर 35 प्रतिशत तक छूट दी जा रही है। ई-वॉलेट रिचार्ज पर भी आठ से 15 प्रतिशत तक बोनस मिलेगा।
:: 30 सेकंड में मिलेगा क्यूआर टिकट ::
स्टेशनों पर स्थापित टिकट वेंडिंग मशीनों के माध्यम से यात्री यूपीआई से भुगतान कर लगभग 30 सेकंड में पेपर क्यूआर टिकट प्राप्त कर सकेंगे। इसके लिए मशीन पर बाय क्यूआर टिकट विकल्प चुनकर गंतव्य स्टेशन का चयन करना होगा और क्यूआर कोड स्कैन कर भुगतान करना होगा।
कॉर्पोरेशन के अनुसार, एनसीएमसी कार्ड और डिजिटल टिकटिंग व्यवस्था से भोपाल एवं इंदौर में मेट्रो यात्रियों को कैशलेस और सुगम यात्रा का विकल्प मिलेगा।