-मंच पर विधायक गुलाम मोहम्मद और रालोद विधायक चौहान को भी बैठाया
-अग्नि-5 मिसाइल, सैन्य थीम पर तैयार कांवड़ देखने लोगों की भीड़ उमड़ी
मेरठ । यूपी में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। प्रत्येक राजनीतिक दल इसकी तैयारी में जुटा है। शनिवार को कांवड़ यात्रियों पर यूपी सरकार की पुष्पवर्षा भी बीजेपी की 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी से कम नहीं थी। सरकार ने इस कार्यक्रम की तैयारी में पूरी ताकत लगाकर हिंदुत्व का संदेश देने का प्रयास किया। वहीं मंच पर भी योगी आदित्यनाथ ने गठबंधन की मजबूती दिखाने के लिए रालोद के बिजनौर सांसद चंदन चौहान और सिवालखास से विधायक गुलाम मोहम्मद को भी साथ रखा। बीजेपी हिंदुत्व के नारे के सहारे ही प्रदेश में दो बार से सरकार बना रही है। 2027 के चुनाव में भी वह तीसरी बार सत्ता पाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती है।
हालांकि हर राजनीतिक दल यूपी में चुनाव की तैयारी में जुटा है लेकिन बीजेपी के लिए कांवड़ यात्रा रामबाण साबित हो सकती है। इस मौके को भुनाने में भी संगठन और सरकार ने कोई कसर नहीं छोड़ी। हिंदुत्व का संदेश देने के लिए सरकार ने कांवड़ियों का स्वागत किया। प्रदेश सरकार कांवड़ यात्रियों पर हर साल पुष्पवर्षा करती है लेकिन दो सालों से हाईवे की दुल्हैड़ा चुंगी पर मंच सजाकर यह कार्यक्रम किया जा रहा है। बीजेपी की चुनावी तैयारी इस बात से भी साबित हो रही है कि इस बार कार्यक्रम पिछले साल की तुलना में जोरदार रहा। मंच पर बीजेपी के कई जनपदों के जनप्रतिनिधि और मेरठ के संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे। मंच से योगी आदित्यनाथ ने मजबूत गठबंधन का भी संदेश दिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने बिजनौर से रालोद के सांसद चंदन चौहान और सिवालखास से विधायक गुलाम मोहम्मद को भी अपने पास बुलाकर उनसे भी पुष्पवर्षा कराई।
इस बार हरिद्वार से दिल्ली के पालम क्षेत्र की ओर बढ़ रही एक विशेष कांवड़ पूरे रास्ते चर्चा का विषय बनी रही। अग्नि-5 मिसाइल, परमाणु प्रतीक और सैन्य थीम पर तैयार इस भव्य कांवड़ को देखने के लिए जगह-जगह लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। राहगीरों ने कांवड़ के साथ तस्वीरें खिंचवाईं और मोबाइल कैमरों में इसकी झलक कैद की। अग्नि 5 कांवड़ की सबसे बड़ी खासियत इसकी सजावट है। इसे रंग-बिरंगी एलईडी लाइटों से सजाया गया है, जो रात के समय बेहद आकर्षक दिखाई देती हैं।
कांवड़ यात्रा के दौरान सामाजिक, धार्मिक और राष्ट्रीय भावनाओं से जुड़ी थीम वाली कांवड़ें हमेशा लोगों का ध्यान आकर्षित करती हैं। भारत माता के चित्र, तिरंगा और सैन्य प्रतीकों से सजी इस कांवड़ ने श्रद्धालुओं के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी प्रभावित किया। दिल्ली स्थित तिगरी निवासी अभिषेक भारत माता की कांवड़ लेकर आए हैं। अभिषेक की भारत माता की इस डीजे कांवड़ पर भारत माता की प्रतिमा के साथ भारतीय का नक्शा और दोनों ओर तिरंगे भी लगे हुए हैं। यह देश है वीर जवानों का, मेरे देश की मिट्टी सोना उगले, ऐ वतन-ऐ वतन, कर चले हम फिदां जाने तन साथियों जैसे देशभक्ति गाने लोगों में देशभक्ति को जोश जगा रहे हैं। यह कांवड़ भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी रही।

