:: वेंकटेश अय्यर के तूफानी 87 रन, सारांश सुराना के चार विकेट; ग्वालियर चीता्स को वीजेडी पद्धति से 38 रन से हराया ::
:: इंदौर की जीत बेअसर, प्लेऑफ की दौड़ में नहीं बदल सकी समीकरण ::
इंदौर । मध्य प्रदेश प्रीमियर लीग (एमपीपीएल) 2026 के 42वें मुकाबले में इंदौर पिंक पैंथर्स ने कप्तान वेंकटेश अय्यर की विस्फोटक बल्लेबाजी और सारांश सुराना की घातक गेंदबाजी की बदौलत ग्वालियर चीता्स को वर्षा बाधित मैच में वीजेडी पद्धति से 38 रन से हरा दिया। शानदार प्रदर्शन के लिए वेंकटेश अय्यर को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
हालांकि यह जीत इंदौर के लिए सांत्वना भर साबित हुई, क्योंकि इससे प्लेऑफ की दौड़ के समीकरणों में कोई बदलाव नहीं आया। इंदौर और ग्वालियर दोनों ही टीमें अंतिम चार की होड़ से बाहर हैं।
होलकर स्टेडियम में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी ग्वालियर की टीम के सामने इंदौर के बल्लेबाजों ने रन बरसाए। इंदौर ने निर्धारित 20 ओवर में तीन विकेट पर 221 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। कप्तान वेंकटेश अय्यर ने 42 गेंदों पर नाबाद 87 रन की तूफानी पारी खेली, जिसमें सात चौके और सात छक्के शामिल रहे। सिद्धार्थ पाटीदार ने 29 गेंदों पर नाबाद 55 रन बनाकर उनका बेहतरीन साथ निभाया। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 145 रन की अविजित साझेदारी की। अथर्व जोशी ने 46 और शिवम शुक्ला ने 20 रन बनाए। ग्वालियर के लिए आकाश राघुवंशी ने दो तथा कार्तिक परिहार ने एक विकेट लिया।
222 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए ग्वालियर चीता्स की टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही। कार्तिक परिहार ने 46 गेंदों पर 71 रन और कप्तान रजत पाटीदार ने 19 गेंदों पर 37 रन बनाए, लेकिन टीम को जीत के करीब नहीं पहुंचा सके। इंदौर की ओर से सारांश सुराना ने 24 रन देकर चार विकेट झटके, जबकि शिवम शुक्ला ने दो विकेट हासिल किए।
:: बारिश ने रोका खेल, वीजेडी से तय हुआ नतीजा ::
ग्वालियर की पारी 17.1 ओवर में सात विकेट पर 157 रन तक पहुंची थी कि बारिश के कारण खेल रोकना पड़ा। इसके बाद वीजेडी पद्धति के तहत इंदौर पिंक पैंथर्स को 38 रन से विजेता घोषित किया गया।
:: संक्षिप्त स्कोर ::
इंदौर पिंक पैंथर्स 221/3 (20 ओवर) – वेंकटेश अय्यर नाबाद 87 (42), सिद्धार्थ पाटीदार नाबाद 55 (29), अथर्व जोशी 46 (25); आकाश राघुवंशी 2/40, कार्तिक परिहार 1/36।
ग्वालियर चीता्स 157/7 (17.1 ओवर) – कार्तिक परिहार 71 (46), रजत पाटीदार 37 (19); सारांश सुराना 4/24, शिवम शुक्ला 2/28।
- बॉक्स –
:: प्लेऑफ की चार टीमें तय, सेमीफाइनल समीकरण बाकी ::
मध्य प्रदेश प्रीमियर लीग 2026 में प्लेऑफ की चारों टीमें तय हो गई हैं। चंबल घड़ियाल, रॉयल निमाड़ ईगल्स, रीवा जगुआर्स और जबलपुर रॉयल लायंस ने अंतिम चार में जगह बना ली है। चंबल घड़ियाल 17 अंकों के साथ शीर्ष पर हैं, जबकि रॉयल निमाड़ ईगल्स 14 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर काबिज हैं। रीवा जगुआर्स 11 और जबलपुर रॉयल लायंस 10 अंकों के साथ क्रमशः तीसरे और चौथे स्थान पर हैं।
उज्जैन फाल्कंस, इंदौर पिंक पैंथर्स, भोपाल लेपर्ड्स, ग्वालियर चीता्स, मालवा स्टैलियंस और बुंदेलखंड बुल्स की टीमें प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी हैं। हालांकि लीग चरण के दो मुकाबले अभी शेष हैं, इसलिए दूसरे, तीसरे और चौथे स्थान की अंतिम रैंकिंग में बदलाव संभव है। दोनों सेमीफाइनल 25 जून को तथा फाइनल 26 जून को होलकर स्टेडियम में खेला जाएगा।


1 thought on “वर्षा बाधित मुकाबले में इंदौर पिंक पैंथर्स की दमदार जीत”
Comments are closed.