चार जिलों में हथियार नेटवर्क पर शिकंजा; बुरहानपुर-खरगोन में खेप पकड़ी, सागर में निर्माण का खुलासा, इंदौर में सप्लाई नेटवर्क की जांच ::
भोपाल/इंदौर। मध्यप्रदेश में अवैध हथियारों के नेटवर्क के खिलाफ पुलिस ने पांच दिन में चार जिलों में कार्रवाई कर 31 हथियार जब्त किए और 10 आरोपितों को गिरफ्तार किया। बुरहानपुर और खरगोन में हथियारों की खेप पकड़ी गई, सागर में अवैध हथियार निर्माण का खुलासा हुआ, जबकि इंदौर में हथियारों के साथ चार आरोपित गिरफ्तार किए गए। पुलिस अब हथियारों के स्रोत, सप्लायर और खरीदारों तक पहुंचने में जुटी है।
बुरहानपुर के खकनार क्षेत्र में पुलिस ने एक आरोपित के कब्जे से 13 हस्तनिर्मित देशी पिस्टल, एक मैगजीन और 45 जिंदा कारतूस बरामद किए। हथियारों के परिवहन में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। आरोपित से हथियारों के स्रोत और उन्हें आगे पहुंचाने वालों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
खरगोन के बिस्टान थाना क्षेत्र में बिना नंबर की स्कॉर्पियो की सीट के नीचे छिपाकर रखी 10 देशी पिस्टल बरामद की गईं। मामले में दो आरोपित गिरफ्तार किए गए। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपितों ने सिगनूर क्षेत्र के एक व्यक्ति से हथियार खरीदने की जानकारी दी है। पुलिस अब कथित सप्लायर की भूमिका की जांच कर रही है।
सागर के कैंट थाना क्षेत्र में अवैध हथियार निर्माण और सप्लाई से जुड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ। पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक देशी कट्टा, एक रिवॉल्वर, एक देशी पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए। मौके से ड्रिल मशीन, लोहे की रॉड, पाइप, स्प्रिंग और नाल सहित हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री भी मिली। पुलिस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।
:: इंदौर में चार आरोपित गिरफ्तार ::
इंदौर के राऊ थाना क्षेत्र में पुलिस ने चार आरोपितों को गिरफ्तार कर चार पिस्टल, एक रिवॉल्वर और चार जिंदा कारतूस बरामद किए। आरोपितों से हथियारों के स्रोत और सप्लाई नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
चार जिलों में हुई कार्रवाई से अवैध हथियारों के निर्माण, खरीद-फरोख्त, परिवहन और सप्लाई से जुड़ी कड़ियां सामने आई हैं। पुलिस अब हथियार उपलब्ध कराने वाले स्रोत और खरीदारों तक पहुंचने के साथ नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

