उप मुख्यमंत्री ने किया स्थल निरीक्षण; मृतकों के परिजनों को 2 लाख और घायलों को 50 हजार सहायता
जबलपुर । बरगी बांध में हुए दर्दनाक क्रूज हादसे के बाद राज्य और केंद्र सरकार दोनों सक्रिय नजर आ रही हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को जबलपुर पहुंचकर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और उन्हें इस कठिन समय में हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव दोपहर करीब तीन बजे भोपाल से जबलपुर पहुंचे और सीधे प्रभावित परिवारों के घर जाकर शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने खमरिया स्थित श्री कामराज के निवास पहुंचकर परिवार को सांत्वना दी। इस हादसे में उनकी पत्नी की मौत हो गई, जबकि वे स्वयं और उनका 5 वर्षीय बेटा तमिल लापता हैं। उनका 10 वर्षीय पुत्र पुविथारन सुरक्षित बचा लिया गया है।
मुख्यमंत्री ने साउथ सिविल लाइन स्थित सैयद रियाज हुसैन और दरहाई निवासी कृष्णा सोनी के घर पहुंचकर भी शोक व्यक्त किया। हादसे में रियाज हुसैन की पत्नी रेशमा सैयद और समधन शमीम फातिमा जैदी की मौत हो गई, जबकि सोनी परिवार की नीतू सोनी की डूबने से जान चली गई।
घटनाक्रम की जानकारी लेकर दिया भरोसा……
मुख्यमंत्री ने पीड़ितों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और उन्हें ढांढस बंधाते हुए कहा कि राज्य सरकार इस दुख की घड़ी में उनके साथ खड़ी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
इस दौरान उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, विधायक अशोक रोहाणी सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
रेस्क्यू ऑपरेशन में कई को बचाया गया…
जानकारी के अनुसार, 72 वर्षीय सैयद रियाज हुसैन अपने परिवार के साथ बरगी डैम घूमने गए थे। हादसे में उनकी पत्नी और समधन की मौत हो गई, जबकि उन्हें और उनके 13 वर्षीय नाती को घंटों बाद सुरक्षित निकाल लिया गया।
वहीं सोनी परिवार भी घूमने गया था, जहां 45 वर्षीय नीतू सोनी की मौत हो गई, जबकि 5 वर्षीय विराज सोनी अभी भी लापता है। परिवार के अन्य सदस्य सुरक्षित हैं।
पीएम मोदी ने जताया शोक, मुआवजे का ऐलान…..
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हादसे को बेहद पीड़ादायक बताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजन को 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता देने की घोषणा की है।
उप मुख्यमंत्री ने किया स्थल निरीक्षण…
उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने हादसे के स्थल का निरीक्षण कर राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रेस्क्यू ऑपरेशन में तेजी लाई जाए और प्रभावित परिवारों को तत्काल मदद उपलब्ध कराई जाए।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कराई जा रही है और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे।
सरकार ने दिया भरोसा…
राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि इस दुखद हादसे में प्रभावित सभी परिवारों को हर संभव सहायता दी जाएगी। साथ ही जिम्मेदारों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित कर ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।

