:: मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की अध्यक्षता में एमजीएम मेडिकल कॉलेज में हुआ समारोह, डॉ. अशोक कुमार वार्ष्णेय रहे मुख्य अतिथि ::
इंदौर । धन्वंतरि जयंती के अवसर पर शुक्रवार को एमजीएम मेडिकल कॉलेज सभागृह में आयोजित समारोह में चिकित्सा और स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़ी आठ विभूतियों को सम्मानित किया गया। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की, जबकि आरोग्य भारती के राष्ट्रीय संगठन सचिव डॉ. अशोक कुमार वार्ष्णेय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
आयुर्वेद सम्मेलन इंदौर, आरोग्य भारती इंदौर महानगर, नेशनल इंटीग्रेटेड मेडिकल एसोसिएशन (नीमा) और एमजीएम स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय सहित विभिन्न संस्थाओं के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित समारोह का शुभारंभ भगवान धन्वंतरि के पूजन और अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ।
सम्मानित होने वालों में वरिष्ठ आयुर्वेद चिकित्सक एवं आयुष विभाग के सेवानिवृत्त संयुक्त संचालक वैद्य सोमेंद्र मिश्र, नीमा के प्रांतीय अध्यक्ष एवं वरिष्ठ जनरल प्रैक्टिशनर डॉ. महेश गुप्ता, वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. वैजयन्ती भौरास्कर, योगाचार्य एवं आयुर्वेद चिकित्सक डॉ. रीता शर्मा, वरिष्ठ होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. तृप्ति काटदरे, औषधि निर्माता पं. गौतम मारवाल, औषधि विक्रेता पं. अर्पित सिद्ध और मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव रत्नदीप कानूनगो शामिल रहे।
वक्ताओं ने कहा कि भगवान धन्वंतरि आयुर्वेद और भारतीय चिकित्सा परंपरा के आराध्य देव हैं। वर्तमान समय में बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और गंभीर बीमारियों की चुनौतियों से निपटने के लिए विभिन्न चिकित्सा पद्धतियों के विशेषज्ञों के बीच समन्वय और सहयोग जरूरी है। आरोग्य भारती इसी उद्देश्य से चिकित्सा क्षेत्र की विभिन्न पद्धतियों से जुड़े चिकित्सकों को एक मंच पर लाने का प्रयास कर रही है।
समारोह में एमजीएम मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. अरविंद घनघोरिया, वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. आरके बाजपेयी, भोलानाथ जी और विष्णु व्यास सहित चिकित्सा जगत से जुड़े अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे। आयोजन की जानकारी आरोग्य भारती मालवा प्रांत के कार्याध्यक्ष वैद्य लोकेश जोशी ने दी।

