पुलिस छात्रों को परेशान करने और महिला पत्रकारों के साथ मारपीट करने में व्यस्त

ताज़ा खबर देश-विदेश

-अभिजीत दीपके ने पोस्ट में लिखा- दिल्ली में कानून-व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ी
नई दिल्ली । कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके ने दिल्ली में कानून व्यवस्था को लेकर हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि दिल्ली पुलिस छात्रों को परेशान करने में बिजी हैं। दीपके ने सोशल मीडिया पर एक न्यूजपेपर की कटिंग शेयर की है, जिसमें लिखा है-दिल्ली के किलोकरी गांव में 54 साल के मणिपुरी म्यूजिशियन सी विक्रम सिंह की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। विक्रम अपने अपार्टमेंट के बाहर शराब पीने और शोर मचाने वाले लोगों का विरोध कर रहे थे। उनके घर के बाहर एक ग्रुप ने उन पर हमला किया जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका बेटा उन्हें अस्पताल ले गया जहां उनकी मौत हो गई।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक अभिजीत ने ये न्यूजपेपर की कटिंग शेयर करते हुए लिखा- दिल्ली में कानून-व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ चुकी है। दिल्ली पुलिस छात्रों को परेशान करने और शाहीन व नफीसा जैसी महिला पत्रकारों के साथ मारपीट करने में तो बहुत व्यस्त है, लेकिन असल अपराध को रोकने के लिए उसके पास समय नहीं है। एक डिजिटल न्यूज प्लेटफॉर्म के लिए काम करने वाली दो महिला पत्रकारों ने दिल्ली पुलिस पर मारपीट के आरोप लगाए थे। उन्होंने कहा था कि मुस्लिम पहचान की वजह से उन्हें निशाना बनाया गया।
3 सितंबर को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता दिल्ली के साकेत में एक प्राइवेट हॉस्पिटल के उद्घाटन के लिए गई थीं। पत्रकारों का आरोप है कि वह कार्यक्रम की वीडियो बना रही थीं। तभी पुलिस वालों ने उनसे सवाल-जवाब शुरू कर दिया था। उनका कहना था कि एक सीएम से सवाल पूछने की सजा है कि दिल्ली पुलिस ने अपनी फ्रस्टेशन निकाल दिया। उन्होंने एक वीडियो शेयर किया जिसमें उन्होंने चोट के निशान दिखाए हैं। उन्होंने बताया कि ये निशान दिल्ली पुलिस के डंडे से चोट के हैं।