उज्जैन के ‘खड़े हनुमान’ की प्रतिमा हटाने का फैसला अब आईआईटी की रिपोर्ट से होगा

ताज़ा खबर मध्य प्रदेश

नई दिल्ली । मध्य प्रदेश के उज्जैन में सड़क चौड़ीकरण परियोजना की जद में आए प्रसिद्ध ‘खड़े हनुमान’ मंदिर की प्रतिमा को हटाने को लेकर अब तकनीकी विशेषज्ञों की मदद ली जा रही है। भारी मशीनों और कटर से प्रतिमा को हटाने की कोशिश सफल नहीं होने के बाद उज्जैन नगर निगम ने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान इंदौर की टीम से सहायता मांगी है।
नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा के अनुसार, मंदिर के पुजारी महेश बैरागी के अनुरोध पर भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान इंदौर की टीम ने प्रतिमा का निरीक्षण किया। टीम ने विशेष उपकरणों की मदद से प्रतिमा की जमीन में गहराई और आसपास की मिट्टी की स्थिति का अध्ययन किया है। अब रिपोर्ट के आधार पर तय होगा कि प्रतिमा को सुरक्षित तरीके से दूसरी जगह स्थानांतरित किया जा सकता है या नहीं।
दरअसल, कांठाल चौराहे से गोपाल मंदिर तक सड़क को करीब 15 मीटर चौड़ा करने की परियोजना चल रही है। इसी के चलते मंदिर प्रभावित हो रहा है। मशीनों से प्रतिमा हटाने की कोशिश का श्रद्धालुओं ने विरोध किया था। लोगों को आशंका है कि जल्दबाजी में प्रतिमा को नुकसान पहुंच सकता है।
फिलहाल प्रतिमा की सुरक्षा के लिए अस्थायी छतरी लगाई गई है। अब सभी की नजर भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान इंदौर की रिपोर्ट पर है।