भोपाल । विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने मंगलवार को भोपाल के डीबी मॉल में सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह, कार्यकर्ताओं और निजी स्टाफ के साथ फिल्म ‘हनुमान अंश’ देखी। श्री तोमर ने आम दर्शकों की तरह टिकट लेकर सभी के साथ बैठकर फिल्म देखी। संत नीम करौली बाबा के जीवन, आध्यात्मिक साधना और मानव सेवा के संदेशों से प्रेरित फिल्म ने उन्हें प्रभावित किया।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत से जुड़े प्रेरणादायी प्रसंग समाज में सेवा, संस्कार और सद्भाव की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि ‘हनुमान अंश’ जैसी फिल्में नई पीढ़ी को आस्था के साथ सेवा, संस्कार, संयम और आत्मविश्वास का संदेश देती हैं। ऐसी प्रस्तुतियां युवाओं को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने के साथ आत्मचिंतन और सकारात्मक जीवन-दृष्टि के लिए प्रेरित कर सकती हैं। उन्होंने कहा कि इससे सनातन परंपराओं और जीवन मूल्यों को समझने का अवसर मिलता है तथा भारतीय संस्कृति को व्यापक स्तर पर पहुंचाने में भी मदद मिल सकती है।

