राजशाही स्वरूप में सजे सिद्ध विजय गणेश

इंदौर

राजशाही स्वरूप में सजे सिद्ध विजय गणेश, दर्शन के लिए उमड़े 25 हजार से अधिक श्रद्धालु

गणेशोत्सव के दूसरे दिन देर रात तक लगी कतारें, 12 दिनों तक रोज होगी महाआरती और भजन संध्या ::
इंदौर । मरीमाता चौराहा स्थित श्री सिद्ध विजय गणेश मंदिर में गणेशोत्सव के दूसरे दिन मंगलवार को भगवान गणेश का राजशाही स्वरूप में श्रृंगार किया गया। दर्शन के लिए देर रात तक श्रद्धालुओं की कतारें लगी रहीं। आयोजकों के अनुसार, 25 हजार से अधिक भक्तों ने दर्शन किए।
मंदिर में 11 विद्वानों ने मंत्रोच्चार के बीच भगवान का दूध और फल-फूल से अभिषेक किया तथा छप्पन भोग लगाया। पुष्प और विद्युत सज्जा से मंदिर परिसर को आकर्षक रूप दिया गया। पं. चिराग तिवारी ने राजशाही स्वरूप में भगवान का श्रृंगार किया।
मंदिर के संयोजक एवं विधायक गोलू शुक्ला ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रवेश द्वार और मंदिर के दोनों ओर बैरिकेड्स लगाए गए हैं। महिला और पुरुषों के लिए अलग-अलग दर्शन कतार तथा प्रसाद वितरण की व्यवस्था की गई है। चौराहे का यातायात प्रभावित न हो, इसके लिए भी व्यवस्था की गई है।
बारह दिवसीय गणेशोत्सव में प्रतिदिन रात 8.30 बजे महाआरती होगी। इसके बाद रात नौ बजे से भजन संध्या और अन्य धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। भगवान गणेश का प्रतिदिन नूतन श्रृंगार किया जाएगा।
आयोजकों के अनुसार, श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए आगामी दिनों में दर्शन और प्रसाद वितरण की व्यवस्थाओं को और व्यवस्थित किया जाएगा।