छात्रों की गूंज’ में शामिल होने पहुंचीं देवश्री मुखर्जी; बोलीं- लड़कियों में राहुल का ज्यादा क्रेज ::
इंदौर । राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शामिल होने दिल्ली से इंदौर पहुंचीं देवश्री मुखर्जी ने राहुल गांधी से शादी की इच्छा जताई है। उन्होंने कहा कि लड़कियों में राहुल गांधी का क्रेज ज्यादा है और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर वे जिस तरह बात करते हैं, उससे युवा प्रभावित हैं।
शादी के प्रस्ताव को लेकर सवाल पूछे जाने पर देवश्री ने हंसते हुए कहा, “वो तो हम भी दे दें।” उन्होंने सिमी ग्रेवाल के चर्चित चैट शो में अभिनेत्री करीना कपूर द्वारा राहुल गांधी को डेट करने की इच्छा जताने से जुड़े पुराने बयान का संदर्भ भी दिया। देवश्री ने कहा कि यदि कोई चर्चित अभिनेत्री राहुल को पसंद कर सकती है तो सामान्य लड़कियां भी ऐसा सोच सकती हैं। उन्होंने यह बात मजाकिया अंदाज में कही।
देवश्री ने बताया कि वह एक दिन पहले ही दिल्ली से इंदौर पहुंची हैं। उनके मुताबिक, शहर में जगह-जगह राहुल गांधी के पोस्टर दिखाई दे रहे हैं और युवाओं में कार्यक्रम को लेकर उत्साह है। उन्होंने करीब 50 हजार युवाओं के पहुंचने की उम्मीद जताई।
कार्यक्रम स्थल पर लड़के और लड़कियों के लिए अलग-अलग सेक्शन बनाए गए हैं। मीडिया के लिए भी अलग व्यवस्था की गई है। देवश्री ने पुणे में हुए कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए कहा कि इंदौर का कार्यक्रम उससे भी बड़ा होने की उम्मीद है।
राहुल गांधी का ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम 19 सितंबर को इंदौर में आयोजित किया जा रहा है। इसमें वे छात्रों और युवाओं से संवाद करेंगे। कार्यक्रम में गायक राघव चैतन्य की प्रस्तुति भी रखी गई है।

