उज्जैन के मुद्रा महोत्सव में देशभर के संग्राहक जुटे

इंदौर

इंदौर के संग्राहकों ने भी दर्ज कराई सक्रिय भागीदारी, दुर्लभ मुद्राओं पर हुई चर्चा ::
इंदौर । उज्जैन में आयोजित द्वितीय मुद्रा महोत्सव में देश के विभिन्न हिस्सों से मुद्रा संग्राहक, विक्रेता और मुद्रा प्रेमी जुटे। महोत्सव में इंदौर के संग्राहकों ने भी सक्रिय भागीदारी की। आयोजन में दुर्लभ और ऐतिहासिक मुद्राओं के संग्रह, संरक्षण और उनके अध्ययन से जुड़े पहलुओं पर जानकारी साझा की गई।
महोत्सव में भाजपा संसदीय बोर्ड के सदस्य एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री सत्यनारायण जटिया मुख्य अतिथि रहे। उज्जैन नगर निगम सभापति कलावती यादव, राष्ट्रीय मुद्रा परिषद के अध्यक्ष गिरीश शर्मा आदित्य, मुद्रा प्रसारक राज ज्ञानी और इंटेक के राष्ट्रीय चेयरपर्सन अशोक सिंह ठाकुर सहित अन्य अतिथि मौजूद रहे।
आयोजक आशीष जैन, शिवम वर्मा और महिदपुर के अश्विनी शोध संस्थान से जुड़े मुद्रा विद्वान रामचंद्र ठाकुर ने महोत्सव की गतिविधियों और मुद्रा संग्रह से जुड़े विषयों की जानकारी दी। इंदौर से विराज भार्गव, रणविजय सिंह, गिरीश वीरा, हरदेव सिंह धारीवाल और बंटी जैन सहित अन्य मुद्रा संग्राहक शामिल हुए।
महोत्सव में देशभर से आए संग्रहकर्ताओं ने अपनी संग्रहित मुद्राएं प्रदर्शित कीं। इससे मुद्रा प्रेमियों को विभिन्न कालखंडों की मुद्राओं को देखने और उनके बारे में जानकारी हासिल करने का अवसर मिला।
इस अवसर पर पुरातत्व संरक्षण के क्षेत्र में योगदान के लिए अशोक सिंह ठाकुर को जीवन गौरव सम्मान दिया गया। ओसवाल ऑक्शन समूह के गिरीश वीरा को भी स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। इंदुबाला शर्मा ने कलावती यादव को मुद्रा विषयक पुस्तक भेंट की।
रविवार को महोत्सव में मुद्रा प्रेमियों की अच्छी उपस्थिति रही। आयोजकों के अनुसार ऐसे आयोजनों का उद्देश्य मुद्रा संग्रह के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ ऐतिहासिक मुद्राओं के संरक्षण और अध्ययन को प्रोत्साहित करना है।