चलती बाइक पर दोस्त के सिर में गोली मारकर हत्या करने वाला सॉची से गिरफ्तार

मध्य प्रदेश

एक साल से चली आ रही रंजिश को लेकर किया कत्ल

गंज बासौदा में रहने वाले रिश्तेदार युवक की मदद से खरीदा था कट्टा

पुलिस ने 12 घंटो में आरोपी को पकड़ा, कट्टा भी बरामद

कट्टा बेचने वालो की धरपकड़ के लिये पुलिस टीम रवाना
भोपाल । राजधानी के निशातपुरा थाना इलाके में स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में चलती बाइक पर दोस्त की कनपटी से सटाकर गोली मारने वाले आरोपी को पुलिस ने सांची, जिला रायसेन से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के पास से हत्या में इस्तेमाल किया गया देशी कट्टा भी बरामद किया है। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसने यह कट्टा कुछ दिन पहले विदिशा से खरीदा था। पुलिस के मुताबिक रविवार सुबह 24 वर्षीय तासी उर्फ इकलास अपने दोस्त अलीम उर्फ अल्लू और एक अन्य युवक के साथ बाइक से मछली खेलने के लिये बाइक से निकला था। बाइक तीसरा साथी चला रहा था, जबकि ताशी बीच में और आरोपी अलीम उर्फ अल्लू पीछे बैठा था। रास्ते में अलीम ने अपने पास रखा कट्टा निकाला और बीच में बैठे ताशी की कनपटी से सटाकर फायर कर दिया। गोली लगने से ताशी की मौके पर ही मौत हो गई और बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। वारदात के बाद अलीम ने बाइक चला रहे दोस्त को धमकाया और उसके साथ सिंधी कॉलोनी तक ले गया। इसके बाद वह वहां से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मृतक के भाई साहिल पिता इकबाल (25) निवासी, लाल क्वार्टर, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, निशातपुरा की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिये। टीम ने तकनीकी सुरागो और मुखबिरो की मदद से सोमवार देर रात आरोपी अलीम उर्फ अल्लू पिता आबिद (19) निवासी गैस राहत क्वार्टर, हाउसिंग बोर्ड, करोंद को सांची, जिला रायसेन में घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल कट्टा बरामद हुआ है। पूछताछ में आरेापी ने खुलासा किया की उसने यह कट्टा कुछ दिन पहले गंज बासौदा में साहन और आसिफ नामक व्यक्तियो से खरीदा था। साहन एवं आसिफ की तलाश के लिए पुलिस पार् गंज बासौदा रवाना की गई है।

  • एक साल पहले हुई रजिंश को लेकर उतारा मौत के घाट
    थाना प्रभारी मनोज पटवा के मुताबिक शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने बताया कि करीब एक साल पहले मृतक तासी उर्फ इकलास का आरोपी के दोस्त ताहिर उर्फ अय्यू से विवाद हुआ था। उस समय आरोपी अलीम उर्फ अल्लू ने अपने दोस्त ताहिर की मदद की थी। इसी बात को लेकर मृतक तासी उससे रंजिश रखने लगा था, और आये दिन उसे धमकी देता था। करीब 15 दिन पहले भी उन दोनो के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद अलीम ने तासी की हत्या करने की खौफनाक योजना बना डाली। योजना तैयार कर आरोपी गंज बासौदा में रहने वाले अपने रिश्तेदार आसिफ की मदद से देशी पिस्टल हासिल की और उसे लेकर भोपाल आ गया। बाद में उसी पिस्टल से तासी उर्फ इकलास की गोली मारकर हत्या कर दी।