सिद्ध विजय गणेश का स्वर्णेश्वर रूप में श्रृंगार, देर रात तक लगी कतारें

इंदौर

सातवें दिन 25 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन, महिला-पुरुषों के लिए अलग कतारों की व्यवस्था ::
इंदौर । मरीमाता चौराहा स्थित श्री सिद्ध विजय गणेश मंदिर में गणेशोत्सव के सातवें दिन भगवान सिद्ध विजय गणेश का स्वर्णेश्वर गणेश के रूप में अनूठा श्रृंगार किया गया। स्वर्णिम आभा में सजे भगवान के दर्शन के लिए दिनभर श्रद्धालुओं की कतार लगी रही। आयोजकों के अनुसार देर रात तक 25 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए।
श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए महिला और पुरुषों के लिए अलग-अलग कतारों की व्यवस्था की गई है। प्रसाद वितरण के लिए भी अलग व्यवस्था रही। चौराहे पर यातायात प्रभावित न हो, इसके लिए मंदिर के प्रवेश द्वार के दोनों ओर बैरिकेड्स लगाए गए हैं।
मंदिर के संयोजक एवं विधायक गोलू शुक्ला ने बताया कि सुबह और शाम 11 विद्वानों के मंत्रोच्चार के बीच भगवान का अभिषेक किया गया और छप्पन भोग लगाया गया। गणेशोत्सव के दौरान प्रतिदिन भगवान का अलग-अलग स्वरूप में श्रृंगार किया जा रहा है। पं. चिराग तिवारी ने स्वर्णेश्वर गणेश का श्रृंगार किया।
मंदिर में प्रतिदिन रात 8:30 बजे महाआरती हो रही है। इसके बाद भजन संध्या सहित अन्य धार्मिक आयोजन किए जा रहे हैं। पुष्प और विद्युत सज्जा भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
महाआरती में जनप्रतिनिधियों, क्षेत्रीय पार्षदों, समाजसेवियों और विभिन्न मंदिरों से जुड़े संत-महंतों ने हिस्सा लिया। इस अवसर पर पूर्व पार्षद राजेंद्र शुक्ला, पूर्व विधायक संजय शुक्ला, कमल शुक्ला, बब्बी शुक्ला, अन्जनेश, रुद्राक्ष और दीपेंद्र सिंह सोलंकी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
मंदिर प्रबंधन के अनुसार गणेशोत्सव के 12 दिनों तक धार्मिक आयोजन जारी रहेंगे। श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने और सुगम दर्शन की व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक प्रबंध किए जा रहे हैं।