:: प्लास्ट पैक 2026 में 500 से अधिक स्टॉल, दो लाख आगंतुकों की उम्मीद; एआई, रीसाइक्लिंग और हरित तकनीक पर फोकस ::
इंदौर । प्लास्टिक और पैकेजिंग उद्योग का बड़ा कारोबारी जमावड़ा नवंबर में इंदौर में होगा। प्लास्ट पैक 2026 का आयोजन 27 से 30 नवंबर तक लाभगंगा प्रदर्शनी केंद्र में होगा। यह जानकारी शनिवार को पत्रकार वार्ता में इंडियन प्लास्ट पैक फोरम (आईपीपीएफ) के अध्यक्ष सचिन बंसल और आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने दी। उन्होंने बताया कि प्रदर्शनी में 450 से अधिक प्रदर्शक और 500 से ज्यादा स्टॉल होंगे। आठ से अधिक राज्यों से दो लाख से ज्यादा आगंतुकों के पहुंचने की उम्मीद है।
चार दिवसीय आयोजन में प्लास्टिक मशीनरी, कच्चा माल, पैकेजिंग समाधान, रीसाइक्लिंग और प्रोसेसिंग तकनीकों का प्रदर्शन होगा। बायोप्लास्टिक, 100 प्रतिशत कंपोस्टेबल प्लास्टिक, पानी में घुलनशील फिल्म, पेपर-बेस्ड पैकेजिंग, ऑल-इलेक्ट्रिक इंजेक्शन मोल्डिंग मशीन, एआई आधारित रीसाइक्लिंग प्लांट और स्मार्ट पैकेजिंग सामग्री प्रदर्शित की जाएंगी। ऑटोमेशन, रोबोटिक्स और एआई आधारित प्रोसेसिंग तकनीकों के लाइव डेमो भी होंगे।
आयोजकों के अनुसार पिछले आयोजन की तुलना में इस बार फुटफॉल करीब 30 प्रतिशत अधिक रहने की उम्मीद है। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय कंपनियों की भागीदारी से इंदौर और मध्य प्रदेश की एमएसएमई इकाइयों को नई तकनीक, आपूर्तिकर्ताओं और खरीदारों से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
:: एमएसएमई और युवाओं पर फोकस ::
प्रदर्शनी में मध्य प्रदेश में विकसित उत्पादों और तकनीकों तथा इंदौर में स्थापित नए उद्योगों के उत्पादों को प्रदर्शित और लॉन्च करने के लिए मंच मिलेगा। उद्यमियों के लिए सरकारी हेल्पडेस्क और स्टार्टअप जोन बनाए जाएंगे।
युवाओं को उद्योग से जोड़ने के लिए विशेष जॉब प्लेसमेंट एवं रिक्रूटमेंट कार्यक्रम भी होगा। इसमें मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के प्लास्टिक, पैकेजिंग और संबद्ध उद्योगों के अधिकारी एवं उद्यमी शामिल होंगे।
:: 23 शहरों में रोड शो ::
आयोजन से पहले 23 औद्योगिक शहरों में रोड शो किए जा रहे हैं। इनके जरिए प्रदर्शकों, खरीदारों और उद्योग प्रतिनिधियों को इंदौर में होने वाले आयोजन से जोड़ा जा रहा है। आयोजकों के मुताबिक बड़ी संख्या में कारोबारी प्रतिनिधियों के आने से होटल, परिवहन, खानपान और इवेंट प्रबंधन जैसे स्थानीय सेवा क्षेत्रों में भी गतिविधियां बढ़ेंगी।
:: सरकारी संस्थानों की भागीदारी ::
एमपीआईडीसी, एमएसएमई विभाग, सीआईपीईटी, पीएमएमएआई और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड सहित विभिन्न संस्थान आयोजन में भाग लेंगे। इनके माध्यम से औद्योगिक निवेश, सब्सिडी योजनाओं, कौशल विकास, अनुसंधान और ईपीआर अनुपालन से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
आईपीपीएफ अध्यक्ष सचिन बंसल ने कहा कि इस संस्करण में स्थिरता और नवाचार पर विशेष जोर रहेगा। क्षेत्रीय निर्माताओं को राष्ट्रीय आपूर्तिकर्ताओं से जोड़ना और नवीनतम तकनीकों को उद्योग तक पहुंचाना आयोजन के प्रमुख उद्देश्यों में शामिल है।
प्लास्ट पैक 2026 की तैयारियां चेयरमैन जाहिद शाह के नेतृत्व में की जा रही हैं। आयोजन समिति में संजीव सचदेवा, अंकित भारुका, मेहुल ठक्कर, प्रमोद सोमानी, विशाल सोनी, प्रवीण गुप्ता, संदीप ठाकुर, पर्वा ओचानी, अभिषेक कासट और अजय जायसवाल सहित अन्य सदस्य शामिल हैं।

