पीएम मोदी, राष्ट्रपति ट्रंप और इजरायली पीएम नेतन्याहू ने की तारीफ
नई दिल्ली । भारतीय पायलट स्मित मच्छार इस समय पूरी दुनिया में चर्चा का विषय बने हुए हैं। उनकी बहादुरी के किस्से सुनाए जा रहे हैं और दुनिया उनकी दिलेरी से हतप्रभ है। भारतीय पीएम नरेंद्र मोदी, बेंजामिन नेतन्याहू और डोनाल्ड ट्रंप तक उनके मुरीद हो चुके हैं। दरअसल, फ्लाईदुबई की फ्लाइट एफजेड1073 में उन पर जानलेवा हमला हुआ, मगर उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और अपनी सूझबूझ से विमान में सवार 174 लोगों की जान बचा ली। जी हां, विमान में उनके को-पायलट ने ही उन पर हमला किया था, जिसका मकसद विमान को क्रैश कराना था।
दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की इस फ्लाइट में बुधवार को हजारों फीट की ऊंचाई पर यह घटना हुई, जिसने विमान सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए। शुरुआती खबरों में चाकू से हमले की बात कही गई थी, मगर अब इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के अनुसार, कॉकपिट में मौजूद ओमानी को-पायलट ने भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार पर ऐक्स यानी कुल्हाड़ी से हमला किया था। इस हमले से स्मित गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं छोड़ी, कॉकपिट का दरवाजा अनलॉक किया और जोर से आवाज दी। इसके बाद यात्रियों और क्रू सदस्यों ने मिलकर हमलावर को काबू किया। इसके बाद विमान को सऊदी अरब के तबूक में सुरक्षित उतारा गया। विमान में कुल 174 लोग सवार थे। घटना के दौरान विमान करीब 34 हजार फीट की ऊंचाई पर था, और हमले के बाद तेजी से करीब 16 हजार फीट तक नीचे आ गया था। विमान से 7500 ट्रांसपोंडर कोड भेजा गया, जो विमान में गैरकानूनी दखल का संकेत होता है। इजराइली अधिकारियों के मुताबिक, घटना के बाद विमान को हाईजैक किए जाने की आशंका पैदा हुई और इलाके में फाइटर जेट्स को अलर्ट किया गया था। प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने घायल कैप्टन को शुरुआती चिकित्सा मदद देने वाले एक डेंटिस्ट का भी जिक्र किया।
विमान में कहां से आई कुल्हाड़ी
यहां एक अहम सवाल उठता है कि कॉकपिट में कुल्हाड़ी आखिर रखी ही क्यों जाती है। दरअसल, विमानों में रखी जाने वाली क्रैश ऐक्स एक इमरजेंसी उपकरण है। इसका उपयोग सामान्य तौर पर किसी आपात स्थिति में रास्ता बनाने, फंसे हुए हिस्से को काटने या आग की स्थिति में किसी जगह तक पहुंच बनाने के लिए किया जाता है। विमानन नियमों के तहत बड़े यात्री विमानों में ऐसे इमरजेंसी उपकरण रखना अनिवार्य है। इन्हें कॉकपिट में इस तरह रखा जाता है कि जरूरत पड़ने पर फ्लाइट क्रू तुरंत इस्तेमाल कर सके। यानी कॉकपिट में ऐक्स का होना असामान्य नहीं है। लेकिन इस घटना ने गंभीर सवाल खड़े किए हैं, क्योंकि इसी इमरजेंसी उपकरण का इस्तेमाल एक क्रू सदस्य ने दूसरे पायलट पर हमला करने के लिए किया।
पीएम मोदी ने कहा- एक और 9/11 होने से बचा लिया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को भारत मंडपम में संघ लोक सेवा आयोग के शताब्दी समारोह में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने एक दिन पहले हुई उस घटना का जिक्र किया, जिसमें भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छर ने मुश्किल हालात में धैर्य, सूझबूझ और साहस का परिचय दिया। प्रधानमंत्री ने कहा कि इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी इस घटना का जिक्र करते हुए कहा कि एक भारतीय ने 9/11 जैसी त्रासदी होने से बचा लिया।

