भाजपा के प्रदेश प्रभारी बिप्लब कुमार देब एवं सह प्रभारी रेखा वर्मा ने भोपाल में विभिन्न कार्यक्रमों में हुए शामिल

मध्य प्रदेश

-भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने प्रदेश प्रभारी का किया स्वागत, बूथ कार्यकर्ताओं के घर पहुंचकर किया भोजन
भोपाल । भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री, प्रदेश प्रभारी व सांसद बिप्लब कुमार देब एवं भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व प्रदेश सह प्रभारी रेखा वर्मा ने बुधवार को भोपाल प्रवास के दौरान पार्टी के विभिन्न कार्यक्रमों में सहभागिता की। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने बिप्लब कुमार देब, रेखा वर्मा एवं प्रदेश संगठन महामंत्री चन्द्रशेखर का प्रदेश कार्यालय में पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया। विमानतल पर पार्टी के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया।

प्रदेश प्रभारी बिप्लब कुमार देब ने गुफा मंदिर में की पूजा-अर्चना, वरिष्ठ नेताओं से की सौजन्य भेंट
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री, प्रदेश प्रभारी व सांसद बिप्लब कुमार देब एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष तथा प्रदेश सह प्रभारी रेखा वर्मा ने लालघाटी स्थित गुफा मंदिर के बूढ़े हनुमान मंदिर में दर्शन, पूजन कर देशवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। राष्ट्रीय महामंत्री, प्रदेश प्रभारी व सांसद बिप्लब कुमार देब ने भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व राज्यपाल प्रो. कप्तान सिंह सोलंकी के नेहरू नगर, बी-176, आकृति गार्डन स्थित निवास एवं विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर के प्रोफेसर्स कॉलोनी स्थित निवास पहुंचकर उनसे सौजन्य भेंट कर विभिन्न विषयों पर आत्मीय चर्चा की।

बूथ कार्यकर्ता के घर पहुंचकर किया भोजन
हेमंत खण्डेलवाल व बिप्लब कुमार देब ने भोपाल दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के वार्ड क्रमांक-32, बूथ क्रमांक-69 की कार्यकर्ता मीना जाटव के ए/131, शास्त्री नगर स्थित निवास पहुंचकर भोजन किया। इस अवसर पर श्रीमती जाटव के परिवारजनों ने नेताद्वय का पौधा एवं श्रीफल भेंटकर स्वागत किया। इस दौरान प्रदेश महामंत्री एवं सेवा संकल्प अभियान के प्रदेश संयोजक राहुल कोठारी, प्रदेश कोषाध्यक्ष व ट्रस्ट समिति के प्रदेश संयोजक अखिलेश जैन, विधायक भगवानदास सबनानी व जिला अध्यक्ष रविन्द्र यति उपस्थित रहे।

श्री सावरकर को नमन कर कार्यकर्ता के घर चाय पर किया आत्मीय संवाद
हेमंत खण्डेलवाल एवं बिप्लब कुमार देब ने कोटरा सुल्तानाबाद स्थित वीर सावरकर बाल उद्यान पहुंचकर वीर सावरकर को नमन किया एवं वार्ड क्रमांक-27 स्थित वीर सावरकर पार्क के पास बूथ क्रमांक-49 के अध्यक्ष श्री मुकेश गुप्ता के निवास पर पहुंचकर चाय पर आत्मीय संवाद किया।

प्रदेश सह प्रभारी ने भी बूथ कार्यकर्ता के निवास पर किया भोजन
रेखा वर्मा ने ई-7, अरेरा कॉलोनी के बूथ क्र. 203, वार्ड-49 के अरेरा मंडल की कार्यालय मंत्रीरंजना प्रसाद के निवास पहुंचकर भोजन किया। इस दौरान पार्टी की पूर्व प्रदेश उपाध्यक्षसीमा सिंह जादौन एवं महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष प्रियंका मिश्रा उपस्थित रहीं।

भाजपा प्रदेश सह प्रभारी ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का किया सम्मान
रेखा वर्मा ने सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत चलाए जा रहे आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम में अरेरा मंडल के वार्ड क्रमांक-48, शाहपुरा स्थित आंगनवाड़ी क्रमांक-774 पहुंचकर आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान कर बच्चों को फल वितरित किए। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व प्रदेश सह प्रभारी ने आंगनवाड़ी परिसर में पौधारोपण कर लाभार्थी बहनों से संवाद किया। इस अवसर पर पूर्व विधायक धु्रवनारायण सिंह, भाजपा की पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष सीमा सिंह जादौन, महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष प्रियंका मिश्रा, प्रदेश मीडिया पैनलिस्ट एवं जिला उपाध्यक्ष गुंजन चौकसे, एमआईसी सदस्य सुषमा बावीसा सहित महिला कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।

भाजपा प्रदेश कार्यालय में महापुरूषों की प्रतिमाओं पर किया माल्यार्पण
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल, पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री, प्रदेश प्रभारी व सांसद बिप्लब कुमार देब, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व प्रदेश सह प्रभारी रेखा वर्मा ने पार्टी पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधियों के साथ बुधवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय स्थित महापुरूषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर नमन किया।

प्रदेश प्रभारी एवं सह प्रभारी 01 अक्टूबर को बैठक में होंगे शामिल
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव, प्रदेश प्रभारी बिप्लब कुमार देब एवं पार्टी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश सह प्रभारी रेखा वर्मा 01 अक्टूबर गुरूवार को प्रात: 11 बजे भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश पदाधिकारियों, संभाग प्रभारियों एवं मोर्चों के प्रदेश अध्यक्ष की बैठक में सहभागिता करेंगे। बैठक के पूर्व भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व प्रदेश प्रभारी रेखा वर्मा 01 अक्टूबर, गुरूवार को प्रात: 10 बजे बोर्ड ऑफिस चौराहा स्थित संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन करेंगी।