हैदराबाद । हैदराबाद शहर में इस बार शारदीय नवरात्रि के दौरान मां दुर्गा की भव्य प्रतिमा आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनने वाली है। चदरघाट स्थित विक्टोरिया प्लेग्राउंड में 72 फीट से अधिक ऊंची इको-फ्रेंडली दुर्गा प्रतिमा तैयार हो रही है। आयोजकों के अनुसार, मिट्टी और प्राकृतिक घास से बनाई जा रही यह प्रतिमा देश की सबसे ऊंची पर्यावरण अनुकूल मां दुर्गा प्रतिमाओं में शामिल होगी। निर्माण कार्य अंतिम चरण में पहुंच चुका है और नवरात्रि से पहले पूरा करने के लिए कारीगर दिन-रात जुटे हैं।
प्रतिमा की खासियत यह है कि इसके निर्माण में प्लास्टर ऑफ पेरिस (पीओपी), थर्माकोल और जहरीले रासायनिक रंगों का इस्तेमाल नहीं हो रहा है। प्रतिमा के ढांचे को मजबूत बनाने के लिए बांस और लकड़ी का इस्तेमाल किया गया है। इसके ऊपर प्राकृतिक घास और चिकनी मिट्टी की कई परतें चढ़ाई जा रही हैं। प्रतिमा के सूखने के बाद इसके स्वरूप को सजाने के लिए पानी में घुलने वाले प्राकृतिक रंगों का इस्तेमाल किया जाएगा। आयोजकों का कहना है कि इसका उद्देश्य विसर्जन के दौरान जल स्रोतों पर पड़ने वाले पर्यावरणीय प्रभाव को कम करना है।
प्रतिमा के निर्माण में पश्चिम बंगाल के कोलकाता के साथ लोकल स्तर के अनुभवी मूर्तिकार भी जुटे हुए हैं। बीते वर्षों में भी इसी स्थान पर 65 से 72 फीट तक ऊंची दुर्गा प्रतिमाएं स्थापित हो चुकी हैं। इन प्रतिमाओं ने भी लोगों का ध्यान आकर्षित किया था। इस बार आयोजकों ने पहले से अधिक ऊंची प्रतिमा तैयार करने की योजना बनाई है। नवरात्रि नजदीक आने के साथ विक्टोरिया प्लेग्राउंड में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। श्रद्धालुओं को मौसम की परेशानी से बचाने के लिए बड़े वॉटरप्रूफ पंडाल का निर्माण किया जा रहा है। दर्शन के लिए आने वाली भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बैरिकेडिंग और अन्य सुरक्षा व्यवस्थाएं भी की जा रही हैं। आयोजक पुलिस प्रशासन के साथ मिलकर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। आयोजकों को उम्मीद है कि भव्य प्रतिमा देखने और दर्शन करने के लिए हैदराबाद के अलावा तेलंगाना और आसपास के राज्यों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचेंगे। उनके मुताबिक, धार्मिक आस्था के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने वाली यह पहल शहर के नवरात्रि उत्सव को नया आकर्षण देगी।

