:: ‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान में स्वच्छता कर्मियों का सम्मान, सांवेर में मंत्री सिलावट ने की सहभागिता ::
इंदौर । गांधी जयंती पर इंदौर जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता के प्रति जनभागीदारी का संदेश देते हुए ‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। विकासखंड और ग्राम स्तर पर हुए आयोजनों में अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने श्रमदान किया तथा स्वच्छता कर्मियों का सम्मान किया।
सांवेर में आयोजित जनपद स्तरीय स्वच्छता सेवा अभियान में जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने श्रमदान किया और स्वच्छता कर्मियों का सम्मान किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि सामूहिक जिम्मेदारी और जीवनशैली का हिस्सा है। उन्होंने स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के लिए नागरिकों की सक्रिय भागीदारी को जरूरी बताया।
अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता कर्मियों और स्वच्छताग्राहियों से संवाद कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी भी ली गई। जनपद पंचायत इंदौर की ग्राम पंचायत मांगलिया में आयोजित स्वच्छता संवाद एवं सम्मान समारोह में जिला पंचायत के परियोजना अधिकारी मुकेश वर्मा, सरपंच, सचिव सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
मांगलिया में गांव की स्वच्छता व्यवस्था में योगदान देने वाले सफाई मित्रों तथा मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (एमआरएफ) में कचरा पृथक्करण का कार्य करने वाली स्वच्छता दीदियों का सम्मान किया गया। स्वच्छता दीदियों को साड़ियां और सफाई मित्रों को टी-शर्ट वितरित की गईं।
सांवेर के कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष रीना सतीश मालवीय सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

