गांधी के स्वदेशी और आत्मनिर्भरता के विचारों को आगे बढ़ा रहा देश : मुख्यमंत्री यादव

इंदौर

:: गांधी-शास्त्री जयंती पर मुख्यमंत्री ने किया नमन, कैप्टन स्मित के साहस की सराहना ::
भोपाल । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गांधी जयंती पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश महात्मा गांधी के स्वदेशी और आत्मनिर्भरता के विचारों को आगे बढ़ाते हुए ‘मेक इन इंडिया’ और ‘मेड इन इंडिया’ के माध्यम से आत्मनिर्भर भारत के संकल्प की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि गांधी ने स्वदेशी, आत्मनिर्भरता और राष्ट्र निर्माण का संदेश दिया, जबकि पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री ने सादगी, ईमानदारी और राष्ट्रसेवा के आदर्श स्थापित किए।
मुख्यमंत्री ने कुशाभाऊ ठाकरे इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर परिसर में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने ओल्ड विधानसभा चौराहे पर लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर भी पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।
यादव ने कहा कि स्वदेशी को प्रोत्साहन देकर देश को आत्मनिर्भर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने स्वदेशी के भाव से नई संसद का निर्माण कराया है। मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती सरकारों पर अंग्रेजों की सोच और व्यवस्थाओं की विरासत आगे बढ़ाने का आरोप भी लगाया।
:: कैप्टन स्मित के साहस की सराहना ::
मुख्यमंत्री ने भारतीय मूल के कैप्टन स्मित मछार के साहस और मानवीय भावना की सराहना की। उन्होंने कहा कि कैप्टन स्मित ने यात्री विमान में इजरायली यात्रियों की जान बचाने के लिए अपनी जान की परवाह किए बिना साहस का परिचय दिया। यादव ने उनके कार्य को मानवता, कर्तव्यनिष्ठा और साहस का उदाहरण बताया।
:: आज शाह के कार्यक्रम ::
मुख्यमंत्री ने बताया कि केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह 3 अक्टूबर को भोपाल आएंगे। उनके दौरे के दौरान गोपालक सम्मेलन के माध्यम से दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने और भोपाल के भौंरी स्थित भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (आईआईएसईआर) में स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा के लोकार्पण सहित विभिन्न कार्यक्रम होंगे। उन्होंने कहा कि आईआईएसईआर के माध्यम से युवाओं के कौशल विकास को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
इस अवसर पर पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कृष्णा गौर, विधायक रामेश्वर शर्मा, भगवानदास सबनानी, भोपाल महापौर मालती राय, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी और भाजपा जिलाध्यक्ष रवींद्र यति सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।