गुना । जिला पुलिस बल की निष्ठा और पेशेवर कार्यशैली पर एक बार फिर राज्य स्तर पर मुहर लगी है। पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा घोषित वर्ष 2024-25 के प्रतिष्ठित केएफ रुस्तमजी पुरस्कार (विशिष्ट श्रेणी) के लिए गुना जिले के दो थाना प्रभारियों का चयन किया गया है। कैंट थाना प्रभारी अनूप कुमार भार्गव और पुलिस लाइन में पदस्थ निरीक्षक राजेंद्र सिंह चौहान को उनके द्वारा अंजाम दी गई दो अलग-अलग ऐतिहासिक और साहसिक कार्यवाहियों के लिए इस राज्य स्तरीय सम्मान हेतु चुना गया है। दोनों अधिकारियों को पुरस्कार स्वरूप 50 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा।
टेकरी मंदिर डकैती का पर्दाफाश कर झालावाड़ से पकड़ी थी कालबेलिया गैंग
कैंट थाना प्रभारी अनूप कुमार भार्गव को जिले की सबसे संवेदनशील और चर्चित हनुमान टेकरी मंदिर डकैती कांड की गुत्थी सुलझाने के लिए इस पुरस्कार हेतु चयनित किया गया है। अगस्त 2024 में नकाबपोश बदमाशों ने टेकरी पहाड़ी के पीछे से चढक़र सुरक्षा गार्ड को बंधक बनाया और बालाजी सरकार का मुकुट, गदा व अन्य कीमती आभूषण चुरा लिए थे। धार्मिक आस्था से जुड़े इस बड़े मामले में गठित विशेष जांच दल (स्ढ्ढञ्ज) का नेतृत्व करते हुए निरीक्षक भार्गव ने तकनीकी साक्ष्यों, 500 से अधिक सीसीटीवी फुटेज और चंद सेकेंड के वीडियो क्लिप के आधार पर राजस्थान के झालावाड़ से कालबेलिया गैंग को ढूंढ निकाला और वारदात का सफल खुलासा किया।
पारदी क्षेत्र के खेत में गड़ी 54 किलो चांदी बरामद कर रचा था इतिहास
वहीं दूसरी ओर, निरीक्षक राजेंद्र सिंह चौहान (घटना के समय धरनावदा थाना प्रभारी) को पारदी बाहुल्य क्षेत्र से अब तक की सबसे बड़ी रिकवरी करने पर यह सम्मान दिया जा रहा है। जुलाई 2024 में राजस्थान के झालावाड़ से चोरी हुई लगभग 53 लाख रुपये कीमत की 54 किलोग्राम चांदी बीलाखेड़ी गांव में छिपाए जाने की सटीक मुखबिर सूचना पर निरीक्षक चौहान ने वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में दबिश दी थी। सगुन बाई पारदी के खेत में खुदाई करवाकर पुलिस टीम ने जमीन में दबाई गई पोटलियों से 54 किलो चांदी के जेवरात बरामद किए थे। पारदियों के गढ़ में घुसकर इस स्तर की बरामदगी करने वाले राजेंद्र सिंह चौहान को इससे पहले वर्ष 2023 में भी केएफ रुस्तमजी अवॉर्ड से नवाजा जा चुका है। गुना पुलिस की इस दोहरी उपलब्धि पर जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और पुलिस अमले ने दोनों थाना प्रभारियों को बधाई दी है।

