कैप्‍टन मच्‍छार हमारे असली हीरो, फर्मा कंपनी ने किया एक करोड़ रुपए देने का ऐलान

ताज़ा खबर देश-विदेश

-पूरी दुनिया के सामने जिस साहस और जिम्‍मेदारी का परिचय दिया, हमें उन पर गर्व
नई दिल्ली । देश की एक बड़ी दवा निर्माता कंपनी ने कैप्‍टन स्मित मच्‍छार को 10000000 रुपए का इनाम देने का ऐलान किया है। फर्मा कंपनी ने कैप्‍टन स्मित मच्‍छार को असली हीरो बताया है। फ्लाईदुबई की फ्लाइट में को-पायलट ने कैप्‍टन मच्‍छार पर जानलेवा हमला कर दिया था। शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी को-पायलट विमान को इजराइल में क्रैश कराना चाहता था, लेकिन आरोपी के मंसूबे के बीच कैप्‍टन मच्‍छार आ गए। जानलेवा हमला होने के बाद भी उन्‍होंने हिम्‍मत नहीं हारी और कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया। इसके बाद विमान में सवार यात्रियों और क्रू-मेंबर के अन्‍य सदस्‍यों ने को-पायलट को पकड़ लिया।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक फार्मा कंपनी मैनकाइंड ने कैप्‍टन स्मित मच्‍छार की बहादुरी को सलाम करते हुए एक करोड़ रुपये के इनाम का ऐलान किया है। कंपनी ने अपने बयान में कहा कि आप हमारे समय के असली हीरो हैं। कंपनी ने कहा कि आपने पूरी दुनिया के सामने जिस साहस, शौर्य और जिम्‍मेदारी का परिचय दिया है, उसे देखते हुए हमें अत्‍यंत गर्व हो रहा है। यही वजह है कि मैनकाइंड फार्मा ने आपको और आपके परिवार को एक करोड़ रुपये का योगदान करने का फैसला लिया है।
बता दें पीएम मोदी ने फ्लाईदुबई के पायलट कैप्टन स्मित मच्‍छार से फोन पर बात कर उनके साहस और सूझबूझ की सराहना की थी। उन्होंने कहा कि कैप्टन स्मित ने गंभीर चोटों के बावजूद यात्रियों की जान बचाने के लिए जो फ़ैसला लिया, उस पर पूरे देश को गर्व है। वहीं यूएई के प्रॉसिक्युटर जनरल ने शनिवार को कहा कि फ्लाईदुबई की उड़ान के को-पायलट ने उड़ान के दौरान आतंकवादी हमला करने की कोशिश की थी। प्रॉसिक्युटर जनरल ने कहा कि को-पायलट ने कॉकपिट के अंदर पायलट पर हमला किया और विमान का नियंत्रण अपने हाथ में लेने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि घटना की परिस्थितियों, हमले के मकसद और इससे जुड़े किसी भी संबंध का पता लगाने के लिए जांच जारी है।