कथित फर्जी वोटरों को समर्थन देकर कांग्रेस आखिर किस को फायदा पहुंचाना चाहती

ताज़ा खबर देश-विदेश

बीजेपी सांसद ने कांग्रेस से पूछे सवाल
नई दिल्ली । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता और राज्यसभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस बिना किसी जांच-पड़ताल के उन लोगों को मतदान का अधिकार देने का समर्थन कर रही है जो अनुपस्थित हैं, अपना स्थान बदल चुके हैं, जिनकी मृत्यु हो चुकी है या जिनके नाम मतदाता सूची में एक से अधिक बार दर्ज हैं। नई दिल्ली में प्रेसवार्ता के दौरान त्रिवेदी ने सीधा सवाल किया कि इन कथित फर्जी वोटरों को समर्थन देकर कांग्रेस आखिर किस को फायदा पहुंचाना चाहती है।
बीजेपी सांसद त्रिवेदी ने कांग्रेस नेतृत्व पर देश को बेबुनियाद दावों से गुमराह करने का आरोप लगाकर कहा कि पार्टी ने चार पीढ़ियों तक परिवारवादी शासन बनाए रखा है, जिससे देश में लोकतंत्र का गला घोंटा गया है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस ने अब आकाशवाणी (ऑल इंडिया रेडियो) में भी घुसपैठ करने का प्रयास किया है।
कांग्रेस की बातों में निरंतरता पर सवाल उठाकर भाजपा प्रवक्ता ने वोटर डुप्लीकेशन (एक ही मतदाता का कई जगहों पर नाम होना) को लेकर पार्टी के पुराने बयानों का जिक्र किया। उन्होंने याद दिलाया कि राहुल गांधी और अभिषेक मनु सिंघवी, अशोक गहलोत, सचिन पायलट और के.सी. वेणुगोपाल जैसे कई वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने खुद पहले कई अवसरों पर मतदाता सूची में डुप्लीकेशन की बात स्वीकार की थी। त्रिवेदी ने कांग्रेस से स्पष्टीकरण मांगकर पूछा, क्या आप 2016, 2018, 2020 और 2021 में सही थे, या आज सही हैं? कांग्रेस को साफ करना चाहिए कि उसका वास्तविक रुख क्या है। भाजपा का यह हमला तब आया है जब इंडिया ब्लॉक के नेता मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं। इस विरोध-प्रदर्शन के दौरान ब्लॉक के नेताओं और समर्थकों ने संसद से निर्वाचन सदन तक मार्च किया।