राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान से अलंकृत होंगे अभिनेता रघुवीर यादव

इंदौर

खंडवा में आज सजेगी गीत-संगीत की महफिल, सुदेश भोंसले देंगे प्रस्तुति; सम्मान में मिलेंगे पांच लाख रुपये ::
इंदौर । मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग की ओर से वर्ष 2026 का राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान अभिनेता रघुवीर यादव को प्रदान किया जाएगा। किशोर कुमार की पुण्यतिथि के अवसर पर मंगलवार, 13 अक्टूबर को खंडवा स्थित पुलिस ग्राउंड में अलंकरण समारोह आयोजित होगा। इसके बाद गायक सुदेश भोंसले और उनके साथी गीत-संगीत की प्रस्तुति देंगे। कार्यक्रम शाम 7 बजे शुरू होगा और प्रवेश नि:शुल्क रहेगा।
संस्कृति विभाग के संचालक एनपी नामदेव ने बताया कि जिला प्रशासन खंडवा के सहयोग से आयोजित दो दिवसीय समारोह किशोर कुमार की जन्मस्थली खंडवा में हो रहा है। अभिनय के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए रघुवीर यादव को सम्मानित किया जाएगा। सम्मान स्वरूप उन्हें पांच लाख रुपये की करमुक्त राशि और प्रशस्ति पट्टिका प्रदान की जाएगी।
:: 1997 से दिया जा रहा सम्मान ::
राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान की शुरुआत वर्ष 1997 में हुई थी। अब तक 29 विभूतियों को इससे सम्मानित किया जा चुका है। यह सम्मान सिनेमा के क्षेत्र में निर्देशन, अभिनय, पटकथा लेखन और गीत लेखन में उत्कृष्ट योगदान, दीर्घ साधना तथा श्रेष्ठ उपलब्धियों के लिए दिया जाता है।
:: रंगमंच से सिनेमा तक बनाई पहचान ::
25 जून 1957 को जबलपुर में जन्मे रघुवीर यादव भारतीय रंगमंच और सिनेमा के बहुमुखी कलाकार हैं। अभिनेता होने के साथ वे गायक और संगीतकार भी हैं। राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय, नई दिल्ली से प्रशिक्षण लेने के बाद उन्होंने रंगमंच पर लंबा समय बिताया। फिल्म ‘मैसी साहब’ से उन्हें विशेष पहचान मिली। ‘सलाम बॉम्बे!’, ‘बैंडिट क्वीन’, ‘दिल से’, ‘लगान’, ‘वॉटर’ और ‘पीपली लाइव’ जैसी फिल्मों में उनके अभिनय को सराहना मिली। वे वेब सीरीज ‘पंचायत’ में प्रधान जी की भूमिका से नई पीढ़ी के दर्शकों के बीच भी लोकप्रिय हुए।