रवि किशन का राहुल गांधी पर हमला

देश-विदेश

बोले- मोदी को हरा नहीं पा रहे तो लोगों को हाईजैक करने पर उतर आए

रायपुर । भाजपा सांसद और फिल्म अभिनेता रवि किशन रायपुर पहुंचे। एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने दिल्ली में कांग्रेस के प्रदर्शन को लेकर कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। रवि किशन ने कहा कि राहुल गांधी अपना मानसिक संतुलन खो चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को राजनीतिक तौर पर हरा नहीं पाने के कारण कांग्रेस अब लोगों को परेशान करने और सड़क पर टकराव की स्थिति पैदा करने पर उतर आई है। रवि किशन ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी ने करीब 65 साल तक देश पर शासन किया और अब वह भारत को फिर पीछे ले जाना चाहती है। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत का सम्मान दुनिया में बढ़ा है और देश विकास के रास्ते पर तेजी से आगे बढ़ रहा है।
‘विपक्ष संसद नहीं चलने दे रहा’
भाजपा सांसद ने विपक्ष पर संसद की कार्यवाही बाधित करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन और सड़क जाम के कारण आम लोगों को भी परेशानी उठानी पड़ती है। नौकरी, व्यापार और दूसरे जरूरी कामों के लिए घर से निकलने वाले लोगों को प्रदर्शन के चलते आने-जाने में दिक्कत होती है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विरोध करने का अधिकार सभी को है, लेकिन सड़क जाम कर आम जनता को परेशान करना आंदोलन का उचित तरीका नहीं हो सकता।
EVM और वोट चोरी के आरोपों पर कांग्रेस से सवाल
रवि किशन ने चुनावों में EVM और वोट चोरी को लेकर कांग्रेस की ओर से लगाए जाने वाले आरोपों पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस चुनाव जीतती है, तब EVM और वोट चोरी का मुद्दा क्यों नहीं उठाती। उन्होंने कांग्रेस से विकास के मुद्दों पर राजनीति करने और देश के लिए अपना स्पष्ट रोडमैप सामने रखने की अपील की। रवि किशन ने कहा कि भाजपा ऐसे भारत की बात करती है, जहां दंगे न हों, विकास हो और जनता की आवाज सुनी जाए।
गरबा महोत्सव में होंगे शामिल
रवि किशन छत्तीसगढ़ में आयोजित गरबा महोत्सव में शामिल होने पहुंचे हैं। वह बिलासपुर में होने वाले कार्यक्रम में विशेष अतिथि के तौर पर शामिल होंगे। रायपुर एयरपोर्ट पहुंचने के बाद वे सीधे बिलासपुर के लिए रवाना होंगे। एयरपोर्ट पर दिए गए बयान के दौरान रवि किशन ने कांग्रेस के दिल्ली प्रदर्शन से लेकर EVM और वोट चोरी के आरोपों तक कई मुद्दों पर विपक्ष को घेरा और केंद्र की मोदी सरकार के विकास कार्यों का बचाव किया।