देहरादून । उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास पर राज्य के सभी जिलाधिकारियों और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों के साथ करीब चार घंटे की समीक्षा बैठक की। इस मैराथन बैठक में कानून-व्यवस्था, विकास कार्यों, शीतकालीन पर्यटन और हरिद्वार कुंभ-2027 की तैयारियों पर चर्चा हुई। बैठक में शीर्ष प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य में पूरी पारदर्शिता बरतने के निर्देश दिए, ताकि पात्र नागरिकों का नाम न छूटे और अपात्रों को हटाया जा सके। बुनियादी ढांचे को सुधारने पर जोर देकर उन्होंने सभी सड़कों को गड्ढामुक्त करने और पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कों को सुधारने का काम जल्द पूरा करने की सख्त हिदायत दी। सीएम धामी ने चेतावनी दी कि वह जल्द ही सड़क मार्ग से राज्य का दौरा करने वाले हैं, और लापरवाही मिलने पर सीधे अधिकारियों पर कार्रवाई होगी। कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर उन्होंने पुलिस को अधिक जवाबदेह और संवेदनशील बनने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संज्ञेय अपराधों की एफआईआर तुरंत दर्ज की जाए और रात्रि गश्त तथा अपराध नियंत्रण में किसी तरह की ढील न बरती जाएं। इसके साथ ही, आगामी शीतकालीन पर्यटन सीजन को देखकर उन्होंने मसूरी, नैनीताल, हरिद्वार और ऋषिकेश जैसे प्रमुख पर्यटक स्थलों में ट्रैफिक जाम से निपटने के लिए अग्रिम यातायात प्रबंधन योजना तैयार करने के निर्देश दिए।

