:: महानवमी पर दुर्गा सप्तशती के पाठ के बाद पूर्णाहुति, कन्या पूजन कर कराया भोज ::
इंदौर । एयरपोर्ट रोड स्थित पीलियाखाल के हंसदास मठ में नवरात्रि महोत्सव के तहत सोमवार को महानवमी पर दुर्गा सप्तशती के पाठ और यज्ञ-हवन का आयोजन किया गया। अधिष्ठाता श्रीमहंत रामचरणदास महाराज के सानिध्य और महामंडलेश्वर महंत पवनदास महाराज के मार्गदर्शन में हुए अनुष्ठान में श्रद्धालुओं ने आहुतियां देकर राष्ट्र और समाज में सुख, शांति व सद्भाव की कामना की। कन्या पूजन के बाद कन्याओं को भोजन कराया गया और दक्षिणा व उपहार भेंट किए गए।
मठ के पं. अमित दास महाराज ने बताया कि नवरात्रि के पहले दिन से ही मठ में दुर्गा सप्तशती का पाठ किया जा रहा है। महानवमी पर 11 विद्वानों ने दुर्गा सप्तशती के संपुट से यज्ञ-हवन कराया। अनुष्ठान में आहुतियां समर्पित करने के बाद पूर्णाहुति हुई। इस दौरान मठ परिसर माता रानी और यज्ञ देवता के जयकारों से गूंज उठा। सैकड़ों श्रद्धालुओं ने यज्ञ में आहुतियां अर्पित कीं।
:: तीन देवियों का मनोहारी श्रृंगार ::
महानवमी पर मां अन्नपूर्णा, मां गायत्री और मां सरस्वती का विशेष श्रृंगार किया गया। इसके बाद कन्याओं का विधि-विधान से पाद पूजन कर उन्हें दक्षिणा और उपहार भेंट किए गए। कन्याओं को भोज भी कराया गया। पूरे आयोजन में श्रद्धालुओं ने उत्साह के साथ भाग लिया।

